अयोध्या : अमसिन बाजार तक जाने वाला मार्ग बदहाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 अमृत विचार, गोसाईगंज,अयोध्या। गोसाईगंज कस्बे के बस स्टॉप से अमसिन बाजार तक जाने वाले मार्ग के हालात बदतर हो चुके हैं। अंकारीपुर, रामापुर, दहलवा, जैता गद्दोपुर आदि सैकड़ों गांवो को जोड़ने वाले मार्ग पर कार्यदायी संस्था ने बोल्डर डालकर छोड़ दिया है, जिससे राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन दुर्घटनाओं में लोग चोटिल हो रहे हैं।

 लोक निर्माण विभाग द्वारा गोसाईगंज से अमसिन जाने वाले लगभग 7 किलोमीटर मार्ग को पक्का किया जाना है। काफी दिनों तक कार्य लटकने के बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ। ठेकेदार ने रोड पर गिट्टियां बिछा दीं फिर पता नहीं क्या हुआ कि पिछले दो महीने से काम ठप पड़ा है।

लोगों ने शिकायत भी की, लेकिन नतीजा सिफर रहा। मनोज, रामतीरथ, श्यामलाल, पिंटू,अनिल आदि लोगों का कहना है कि रोड पर गिट्टी डाले जाने के बाद से ठेकेदार का कहीं अता पता नहीं है। मार्ग पर आने जाने वाले लोग गिर कर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इससे बेहतर तो पहले की सड़क थी। इस मार्ग पर कई विद्यालय भी हैं। मार्ग ठीक न होने से बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

संबंधित समाचार