अयोध्या, मेरठ, बरेली व स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई बना विजेता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

माध्यमिक विद्यालयीय अंडर 14 राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का सांसद ने शॉट लगाकर किया शुभारंभ

अयोध्या, अमृत विचार। माध्यमिक विद्यालयीय खेलों के अंतर्गत डॉ. भीमराव अंबेडकर राज्य विद्यालय क्रीड़ा संस्थान मकबरा स्टेडियम के मैदान पर अंडर 14 राज्य क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार से हो गया। सांसद लल्लू सिंह ने पिच पर बैट से शॉट मारकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के पहले दिन अयोध्या, स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई, मेरठ तथा बरेली ने अपने-अपने मैच जीतकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। 

अयोध्या और अलीगढ़ के टीमों के बीच चले गए मैच में अयोध्या ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दिव्यांश सिंह 17, जयंत 15, पराक्रम 11 तथा अंश 10 रनों की सहायता से निर्धारित 12 ओवरों में 88 रन बनाए। अलीगढ़ की ओर से वैभव, भानु व राज ने दो, दो तथा गिरीश, रमन व शिवम ने एक, एक विकेट प्राप्त किया। अयोध्या के 88 रनों के उत्तर में बल्लेबाजी करने उतरी अलीगढ़ की टीम 46 रनों के योग पर सिमट गई। अयोध्या की ओर से यशतोष ने तीन, पराक्रम ने दो तथा अभिषेक व अंश ने एक-एक विकेट प्राप्त किया। उत्तम कुमार ने बताया कि कानपुर तथा स्पोर्ट कॉलेज सफाई के बीच खेले गए मैच में कानपुर ने पहले बल्लेबाजी करके 63 रन बनाए। जवाब में स्पोर्ट कॉलेज सैफई ने 64 रन बनाकर मैच जीत लिया। 

मेरठ और आगरा के मध्य खेले गए मैच में मेरठ में पहले बल्लेबाजी करके 12 ओवरों में 197 रन बनाए, जिसके उत्तर में आगरा की टीम 48 रन ही बना सकी। जीआईसी के मैदान पर आजमगढ़ और बरेली के बीच खेले गए मैच में आजमगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करके 78 रन बनाए जिसके उत्तर में बरेली की टीम ने 5 विकेट पर 80 रन बनाकर विजय हासिल किया। बालिका वर्ग के अंतर्गत जीजीआईसी के मैदान पर प्रयागराज व कानपुर के बीच मैच खेला गया, जिसमें प्रयागराज के 68 रनों के उत्तर में कानपुर ने बिना विकेट खोए जीत के लिए 69 रन बना लिया। 

मुख्य अतिथि का स्वागत संयुक्त शिक्षा निदेशक अरविंद पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र कुमार पांडे तथा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य ने माल्यार्पण करके किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि खेल भावना ही खिलाड़ियों के पहचान है। आज खेल से भविष्य को संवारा जा रहा है। सरकारी विभागों में खिलाड़ियों को नौकरी दी जा रही है। कार्यक्रम का संचालन जिला स्कूली क्रीड़ा समिति के सचिव धर्मेंद्र सिंह ने किया।

संबंधित समाचार