भाजपा सरकार का 'मिशन शक्ति' दिखावा: अखिलेश यादव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि सत्ता संरक्षित अपराधियों के चलते बहन, बेटियों, महिलाओं की जिंदगी संकट में है। लूट, हत्या, अपहरण और दुष्कर्म की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। भाजपा सरकार का 'मिशन शक्ति' दिखावे के लिए ही बना है। 

ऐंटी रोमियों स्क्वाड भी मौके पर कहीं दिखाई नहीं पड़ता है। भाजपा सरकार का महिला सशक्तीकरण का दावा भी उसके दूसरे वादों की तरह कोसों दूर चला गया। उन्होंने कहा, भाजपा राज के पिछले पांच साल उप्र में सपा सरकार के कामों पर अपने नाम का ठप्पा लगाने में निकल गये। 

अच्छी योजनाओं को बर्बाद करने का खेल भी खूब खेला गया। भाजपा की दूसरी सरकार बने अब सात महीने हो रहे हैं। इस अवधि में तो कानून व्यवस्था के हालात बद-से-बदतर होते जा रहे हैं। अपराधियों पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है।

समाजवादी पार्टी की सरकार ने अपराध नियंत्रण के लिए यूपी डायल 100 तथा 1090 वूमेन पावर लाइन शुरू की थी। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए तकनीकी रूप से प्रगति के साथ पुलिस की कार्य संचालन क्षमता में भी सुधार लाया गया था। घटनास्थल पर तत्काल पहुंचने के लिए इनोवा गाड़ी दी गई थी। भाजपा ने पुलिस को सिर्फ अपने राजनीतिक हितों में प्रयोग का मोहरा बना लिया है।

संबंधित समाचार