राजधानी में लुटेरे बेलगाम, पुलिस कर रही आराम, लखनऊ में लगातार हो रहीं खुलेआम लूटपाट की घटनाएं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार संवाददाता, लखनऊ। पुलिस आयुक्त एसबी शिरडकर के लाख प्रयासों के बाद भी शहर में अपराध का ग्राफ गिरने का नाम नहीं ले रहा। लुटेरे बेखौफ हो गए हैं। खुलेआम लूटपाट कर अपराधी पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। जी हां शहर में लूट की घटनाओं में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। आए दिन अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लूट की बड़ी घटनाएं प्रकाश में आ रही हैं।

सिर्फ नवंबर में ही तीन घटनाएं
सिर्फ नवंबर माह में ही बीते 15 दिनों में लूट की तीन बड़ी घटनाएं प्रकाश में आ चुकी हैं। गोसाईगंज में सर्राफा कारोबारी से तमंचा दिखाकर लूट का प्रयास, गुडम्बा में क्लीनिक में घुसकर डॉक्टर को तमंचे की बट से मारकर लूट और चिनहट में राह चलती महिला से चेन और पर्स की लूट की घटना हुई है। वहीं प्रतिदिन दो से तीन लूट की छिटपुट घटनाएं दर्ज हो रही हैं।

सरेराह अपराध को अंजाम दे पुलिस का चुनौती
चिंता की बात तो ये है कि शहर में सरेराह लूट की लटनाएं हो रही हैं। इससे पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। दरअसल गत दिनों ही संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) लॉ एंड ऑर्डर पीयूष मोर्डिया ने सभी थानों को रात्रि गश्त बढ़ाने का आदेश दिया है। रैंडम जगहों पर भी क्राइम चेकिंग लगाने को कहा है। इसके बाद भी सरेराह लूट की घटनाओं में इजाफा पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहा है।

सभी थानों को रात्रि गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। रैंडम जगहों पर क्राइम चेकिंग करने को भी बोला गया है। जल्द ही इसका भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा। अगर पेट्रोलिंग में कोताही बरती जा रही है तो संबंधित थाना प्रभारी पर कार्रवाई भी होगी। यूपी-112 को और अधिक पेट्रोलिंग करने को बोला जाएगा ...पीयूष मोर्डिया, जेसीपी लॉ एंड ऑर्डर, लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट।

गत दिनों हुईं लूट की बड़ी वारदातें:-

दिनांक – घटना स्थल – घटना

  1. 10 नवंबर – फूलबाग कॉलोनी, गुडम्बा – क्लीनिक में घुसकर डॉक्टर के सिर पर तमंचे की बट से वार कर लूट
  2. 07 नवंबर – फैजाबाद रोड, चिनहट – राह चलती महिला से चाकू दिखाकर सोने की चेन और पर्स की लूट
  3. 03 नवंबर – नगराम सुल्तानपुर रोड, गोसाईगंज – स्कंद ज्वेलर्स के मालिक के साथ बीच रोड तमंचा सटाकर लूट का प्रयास
  4. 29 अक्टूबर – हरैया, गोसाईगंज – बीच सड़क पिस्टल दिखाकर कार व मोबाइल की लूट
  5. 28 अक्टूबर – पॉलीटेक्निक चौराहा, इंदिरा नगर – सेवानिवृत्त भूगर्भ वैज्ञानिक से असलहा सटाकर सरेराह लूट
  6. 22 अक्टूबर – उतरेठिया चौराहा, पीजीआई – बस में चढ़ी सीतापुर निवासी महिला से दिनदहाड़े मारपीट कर लूट
  7. 08 अगस्त – हुसैनगंज कस्बा, हुसैनगंज – प्रॉपर्टी डीलर को घर में बंधक बनाकर तमंचा दिखाकर लूट

संबंधित समाचार