लखनऊ : जेसीपी बोले, निधि से दोस्ती करना चाहता था सूफियान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, लखनऊ । दुबग्गा थानाक्षेत्र अन्तर्गत बसन्तकुंज योजना में धर्मांतरण का दबाव बनाने को लेकर निधि गुप्ता की मौत पर बुधवार को संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था पीयूष मोर्डिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। पत्रकारों से बातचीत के दौरान संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि सूफियान की गिरफ्तारी हेतु पुलिस की टीम गठित की गई हैं। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस दुबग्गा कोतवाली में हुई। 

पुलिस दबिश डाल रही है। बताया कि मृतका की मां लक्ष्मी गुप्ता की तहरीर पर दुबग्गा कोतवाली पुलिस ने सूफियान के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस कई बिन्दुओं पर गहनता से पड़ताल कर रही है। 

संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि, हाल ही में सूफियान ने निधि को एक कीपैड वाला मोबाइल गिफ्ट किया था। वह निधि से दोस्ती करने का दबाव बना रहा था। जब निधि के परिजनों  को मोबाइल गिफ्ट करने की बात पता हुई तो वह सूफियान घर शिकायत करने गए थे।

जहां विवाद के बाद यह घटना हुई। पड़ताल के दौरान निधि की मां लक्ष्मी ने पुलिस को बताया कि सूफियान के पास निधि का एक वीडियो था जिसको लेकर वह उसे तंग कर रहा था। हालांकि, इस सवाल पर संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था पीयूष मोर्डिया ने कहा कि इस तरह की कोई भी जानकारी नहीं मिली है।

फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के बाद सूफियान ट्रामा सेन्टर भी गया था लेकिन निधि की मौत के बाद वह फरार हो गया। सूफियान की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है, जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होगा।

परिजनों में शव रखकर किया प्रदर्शन

निधि की मौत के बाद परिजनों ने दुबग्गा चौराहे पर निधि का शव रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान परिजनों ने नारेबाजी करते हुए सूफियान की गिरफ्तारी की मांग की है। पीड़ित परिवार के अलावा उनके रिश्तेदारों ने सूफियान को निधि की मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए फांसी देने की मांग की है। इस प्रदर्शन से सड़क पर जमा की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर सड़क को जाम मुक्त कराया। 

 

 

 

 

संबंधित समाचार