चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो पर जानकारी लीक करने का लगाया आरोप
बाली। इंडोनेशिया में जी-20 शिखर सम्मेलन के कुछ दिन बाद आये एक मीडिया फुटेज में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की ओर से कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो पर मुलाकात की जानकारी लीक करने का आरोप लगाया गया है। शी ने एक अनुवादक के माध्यम से ट्रूडो से कहा था कि यह अनुचित था। उन्होंने उन पर ईमानदारी नहीं बरतने का आरोप लगाया। शी संभवत: उन खबरों का जिक्र कर रहे थे जिनमें ट्रूडो ने चीनी जासूसी और कनाडा के चुनावों में हस्तक्षेप पर चर्चा की थी।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार इन दोनों की यह बातचीत वर्षो में बंद दरवाजों के पीछे हुई पहली वार्ता थी। विश्व नेताओं के हाल ही में समाप्त हुए शिखर सम्मेलन में मीडिया द्वारा फिल्माए गए फुटेज में शी और ट्रूडो को एक दूसरे के करीब खड़े होकर एक अनुवादक के माध्यम से बातचीत करते हुए देखा जा सकता है। शी ने मंदारिन भाषा में ट्रूडो से कहा, “हमने जो कुछ भी चर्चा की वह कागजों में लीक हो गई है और यह उचित नहीं है।”
ट्रूडो ने इसके जवाब में कहा, “कनाडा में हम स्वतंत्र और खुले और स्पष्ट संवाद में विश्वास करते हैं और यही हम जारी रखेंगे। हम रचनात्मक रूप से एक साथ काम करना जारी रखेंगे, लेकिन कुछ ऐसी चीजें भी होंगी जिन पर हम असहमत होगें।” शी ने ट्रूडो की बात को काटते हुए कहा कि वह पहले "परिस्थितियां बनाएं"। बाद में वह ट्रूडो से हाथ मिलाते हुए चले गए।
ये भी पढ़ें:- डोनाल्ड ट्रंप ने किया चुनावी दौड़ में शामिल होने का ऐलान, फेसबुक अकाउंट बहाल नहीं
