चित्रकूट: सांसद ने मंच से उठाया ये बड़ा मुद्दा, एफआईआर दर्ज करने का दिया निर्देश
गनीवां में किसान गोष्ठी मिलेट्स महोत्सव शुरू
चित्रकूट, अमृत विचार। सांसद आरके सिंह पटेल भी परोक्ष रूप से मानते हैं कि धान क्रय केंद्रों में कम तौलाई होती है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र गनीवां में किसान गोष्ठी मिलेट्स (मोटा अनाज) महोत्सव के दौरान सांसद ने यह मुद्दा उठाया और जिलाधिकारी अभिषेक आनंद से कहा कि इसकी जांच कराएं और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। उन्होंने एफआईआर भी दर्ज कराने को कहा।
गुरुवार को कृषि विज्ञान केंद्र गनीवां में दो दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ किया गया। इस दौरान मेला और प्रदर्शनी भी लगाई गई। मुख्य अतिथि रहे सांसद ने किसानों को व्यावहारिक रूप से होने वाली समस्याओं पर भी चर्चा की। कहा कि चकबंदी वाले गांव में खतौनी के लिए लेखपाल पैसा ले तो कड़ी कार्रवाई की जाए। संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि खतौनी दो-तीन दिन में दे दी जाए।
उन्होंने किसानों को नई तकनीक का फायदा उठाकर उपज बढ़ाने की सलाह दी। इसके पूर्व मुख्य अतिथि व जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर आयोजन का शुभारंभ किया। सांसद ने बताया कि दो दिन किसानों को नई तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। किसान इसका लाभ उठाएं और उपज बढ़ाएं। उन्होंने सामूहिक खेती की आवश्यकता बताई और कहा कि एफपीओ के माध्यम से भी किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं। सांसद ने नहरों की सफाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसान डीएपी दुकानों से भी खरीद सकते हैं। सरकार का निर्देश है कि पराली जलाने पर कठोर कार्रवाई की जाए। मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर ने कहा कि यहां पानी कम है, इसीके अनुसार किसान खेती करें।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे, उप कृषि निदेशक, जिला अग्रणी प्रबंधक, जिला विपणन अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, पंकज अग्रवाल, शक्ति सिंह तोमर व किसान आदि मौजूद रहे। इस दौरान किसानों के मूग और चना की किट और तीन किसानों को ट्रैक्टर की चाबी दीं।
