Indian Railway : यात्रीगण कृपया ध्यान दें, अब मुंबई और सूरत जाने में मिलेगी सीटों की सहूलियत, पढ़ें पूरी खबर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Indian Railway कानपुर सेंट्रल स्टेशन से अब मुंबई और सूरज जाने वालों को सीटों की सहूलियत मिलेगी। दोनों ही ट्रेनों में अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाने का फैसला लिया गया है। मंबई की ट्रेन में 72 और सूरत जाने वाले यात्रियों को 144 सीटों तक की वेटिंग परेशान नहीं करेगी।

कानपुर, अमृत विचार। Indian Railway मुंबई और सूरत जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। यहां पहुंचने के लिए ट्रेन से यात्रा करने का मन बना रहे यात्रियों को स्लीपर कोच में 72 से 144 सीट तक की वेटिंग समस्या नहीं रहेगी।

रेलवे ने कानपुर अनवरगंज से मुंबई जाने वाली त्योहार स्पेशल ट्रेन में एक और सूबेदारगंज से सूरत जाने वाली विशेष ट्रेन में दो स्लीपर कोच बढ़ाने का फैसला लिया है। शनिवार से इन दोनों ही ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगा दिए जाएंगे।

व्यापार के सिलसिले में मंबई और सूरत जाने वाले यात्रियों की काफी संख्या रहती है। मुंबई तक का सफर लंबा होता है और इस वजह से यात्री रिजर्व सीट के साथ यात्रा करना पसंद करता है। लेकिन कुछ समय से इस ट्रेन में स्लीपर रिजर्वेशन काफी बढ़ गया था। यात्रियों की सीटें कन्फर्म नहीं होने पर ट्रेन में कोच बढ़ाने का फैसला लिया गया।

अनवरगंज से मुंबई आने-जाने वाली ट्रेन (09185/09186) में एक एसी प्रथम, पांच एसी तृतीय, दो जनरल के साथ 10 स्लीपर कोच थे, जिसमें अब स्लीपर कोच 11 हो जाएंगे। वहीं सूबेदारगंज से सूरत आने-जाने वाली सुपरफास्ट ट्रेन (09117/09118) में दस एसी थ्री और आठ स्लीपर कोच हैं।

इस ट्रेन में अब दस स्लीपर कोच हो जाएंगे। एक कोच में 72 यात्रियों के लिए सीटें रहती हैं। सूरत जाने वाले यात्रियों को 144 तक और मुंबई जाने वाले यात्रियों को 72 वेटिंग तक की समस्या से निजात मिल सकेगी। रेलवे के अनुसार मुंबई से आने वाली ट्रेन में यह व्यवस्था 19 से, जबकि अनवरगंज से 20 नवंबर से लागू हो जाएगी। वहीं सूरत से आने वाली ट्रेन में 18 से और सूबेदारगंज से जाने वाली ट्रेन में यह व्यवस्था 20 से लागू कर दी जाएगी।

संबंधित समाचार