बदायूं: विश्व हिंदू सेवा दल के जिलाध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, 16 नवंबर को कोटे को लेकर हुआ था विवाद, मुख्यमंत्री को भेजी थी शिकायत
एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने कहा कि थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव गिधौल के पास घटना हुई है। गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर प्रदीप कुमार कश्यप का शव मिला
बदायूं, अमृत विचार। थाना मूसाझाग क्षेत्र में विश्व हिंदू सेवा दल के जिलाध्यक्ष और बिजली विभाग के प्राइवेट ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एसएसपी ने मौका मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम ने नमूने लिए। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 16 नवंबर को कोटे को लेकर गांव में विवाद हुआ था। जिलाध्यक्ष ने थाने से लेकर मुख्यमंत्री से शिकायत की थी लेकिन पुलिस ने समझौता करा दिया।
क्या है मामला ?
गांव गिधौल निवासी प्रदीप कुमार (30) पुत्र हेमराज विश्व हिंदू सेवा दल के जिलाध्यक्ष थे। साथ ही बिजली विभाग में प्राइवेट तौर पर काम करते थे। शनिवार को भोर में लगभग साढ़े चार बजे अपनी गाड़ी से गांव मरई की ओर जा रहे थे। रास्ते में किसी ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। सड़क किनारे प्रदीप कुमार का खून से लथपथ शव पड़ा था।
एसएसपी डॉ. ओपी सिंह मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि 16 नवंबर को कोटे को लेकर गांव के दूसरे पक्ष से विवाद हुआ था। प्रदीप कुमार ने पुलिस के अलावा मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर हत्या की आशंका जताई थी। इसके बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
क्या कहना है पुलिस का ?
एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने कहा कि थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव गिधौल के पास घटना हुई है। गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर प्रदीप कुमार कश्यप का शव मिला। पास में तमंचा पड़ा था। ऐसे प्रतीत हो रहा है जैसे किसी ने युवक की गोली मारकर हत्या की हो। परिजनों की ओर से तहरीर दी जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार करके सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : बदायूं: दहेज की लिए चार महिलाओं का उत्पीड़न, ससुरालियों पर रिपोर्ट दर्ज
