बदायूं: दहेज की लिए चार महिलाओं का उत्पीड़न, ससुरालियों पर रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

थाना उसहैत, अलापुर, वजीरगंज और कोतवाली बिसौली क्षेत्र के हैं मामले

बदायूं, अमृत विचार। सरकार महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है लेकिन महिलाओं का उत्पीड़न बंद नहीं हो रहा है। दहेज लोभी लोग महिलाओं के साथ मारपीट करके घर से निकाल दे रहे हैं। पीड़ित महिलाओं की तहरीर पर थाना उसहैत, अलापुर, वजीरगंज और कोतवाली बिसौली में ससुरालियों के खिलाफ मारपीट, दहेज प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज की गई है। 

घटना नंबर एक : दो लाख रुपये के लिए महिला से मारपीट
थाना उसहैत क्षेत्र के कस्बा के मोहल्ला नंबर नौ निवासी सुरभि सैनी पुत्री विष्णु सैनी ने तहरीर देकर बताया कि 28 अप्रैल 2021 को उनकी शादी जिला फर्रुखाबाद क्षेत्र के गांव पिपरगांव निासी सौरभ सैनी पुत्र जागेश्वर सैनी के साथ हुई थी। ससुराली दहेज से संतुष्ट नहीं थे और दो लाख रुपये की मांग करना शुरू कर दी।

महिला का मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न और मारपीट करने लगे। आरोप है कि 20 जून 2021 को सुबह 10 बजे ससुरालियों ने रुपयों की मांग करते हुए महिला को कमरे में बंद कर दिया और लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। महिला को घर से निकाल दिया। 30 मई 2022 को ससुराली समझौता करने के बहाने महिला के पास आए।

यहां भी रुपयों की मांग की। असमर्थता जताने पर महिला और उसके माता-पिता को गाली देते हुए मारा-पीटा। सौरभ दूसरी शादी करने की धमकी दी और परिवार वहां से चला गया। तहरीर के आधार पर थाना उसहैत में फर्रुखाबाद के गांव पिपरगांव निवासी पति सौरभ सैनी, पिता जागेश्वर सैनी, सास गुड़िया सैनी और देवर अजीत सैनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

घटना नंबर दो : दहेज के लिए महिला को बेचने की कोशिश
थाना अलापुर क्षेत्र के गांव कोड़ा गूजर निवासी रुपदेवी पुत्री टीकाराम ने एसएसपी से शिकायत करके बताया कि 21 मई 2013 को उनकी शादी थाना कादरचौक क्षेत्र के गांव मुगर्रा जरासी निवासी सुरजीत पुत्र राधेश्याम से हुई थी। शादी में भरपूर दान दहेज देने के बाद भी ससुराली संतुष्ट नहीं थे। पांच लाख रुपये की मांग करने लगे।

शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने के साथ मारपीट करने लगे। दो वर्ष पहले आधी रात को घर से निकाल दिया। मायका पक्ष के समझाने पर ससुरालियों ने सही से रखा लेकिन तकरीबन एक वर्ष पहले जान से मारने की नीयत से बेड के गद्दों में आग लगा दी।

आरोप है कि 24 जुलाई 2022 को महिला को उसके दोनों बच्चों के साथ बेचने ले गए। महिला किसी तरह वहां से भाग निकली तो ससुरालियों ने रुपदेवी का सिर फोड़ दिया। पांच लाख रुपये लेकर ही महिला को घर पर रखने की बात कही। महिला ने थाने जाकर शिकायत की लेकिन सांठगांठ के चलते कार्रवाई नहीं की गई। एसएसपी के निर्देश पर थाना अलापुर में पति सुरजीत, राधेश्याम, सर्वेश कुमारी, हरजीत और ब्रजमाला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

घटना नंबर तीन : तलाक की बात पर किया समझौता, बाद में किया उत्पीड़न
थाना वजीरगंज क्षेत्र के गांव उरैना निवासी कंचन पुत्री स्व. अजय कुमार शर्मा ने महिला थाना में तहरीर देकर बताया कि छह वर्ष पहले उनकी शादी जिला रामपुर के थाना शाहबाद क्षेत्र के गांव भौरकी खुर्द निवासी नीतेश शर्मा पुत्र बब्लू शर्मा के साथ हुई थी। जिसके बाद ससुरालियों ने एक लाख रुपये और बाइक की मांग शुरू कर दी।

दहेज के लिए मारपीट और उत्पीड़न करने लगे। पांच वर्ष पहले महिला को घर से निकाल दिया। महिला ने तलाक का वाद दायर कराया। ससुरालियों ने भविष्य में कोई गलती न होने पर की बात कहकर समझौता कर लिया और अपने घर वापस बुलाकर ले गए। 19 दिसंबर 2021 को दोपहर तीन बजे ससुरालियों ने फिर से दहेज की मांग की। महिला को घर से निकाल दिया। मायके में जाकर शिकायत की तो परिजनों ने घर न बिगड़ने की बात कहकर कार्रवाई नहीं की। महिला की तहरीर पर थाना वजीरगंज पुलिस ने रामपुर निवासी नीतेश शर्मा, सर्वेश, बब्लू शर्मा, देवेश, शालू और शोभा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

घटना नंबर चार : ससुरालियों की पिटाई से मर गया पेट में पल रहा बच्चा, रिपोर्ट दर्ज
कोतवाली बिसौली क्षेत्र के गांव रानेट गोविंदपुर निवासी नीरज पुत्री विजेंद्र सिंह एसएसपी कार्यालय के जनशिकायत प्रकोष्ठ में शिकायत करके बताया कि उनकी शादी 4 मई 2019 को जिला संभल के थाना कुढ़ फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव दियोरा खास निवासी चंद्रकेश पुत्र जयपाल सिंह यादव के साथ हुई थी। शादी में पांच लाख रुपये से ज्यादा की धनराशि खर्च की थी। ससुराली संतुष्ट नहीं हुए। पहली विदा में ही बाइक और मुरादाबाद में एक प्लाट दिलाने की मांग करने लगे।

मजबूरी जताने पर मारापीटा और भूखा रखा। एक सितंबर 2022 को दोपहर 12 बजे नीरज को बुरी तरह से लात-घूंसों से पीटा। पेट में लातें मारी। जिससे महिला के पेट में पल रहा दो महीने का शिशु मर जाए। पड़ोसियों ने महिला को बचाया। ससुराली फिर भी नहीं माने और रानेट चौराहे पर महिला को गाड़ी से फेंककर चले गए।

मायका पक्ष ने महिला का अल्ट्रासाउंड कराया तो पेट में शिशु के मृत होने की जानकारी हुई। महिला ने कोतवाली जाकर शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई तो एसएसपी कार्यालय जाकर तहरीर दी। जिसके आधार पर संभल निवासी चंद्रकेश, जयपाल सिंह, सोमवती, रुकुम सिंह के खिलाफ मानव वध, मारपीट और दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज की गई है।

संबंधित समाचार