बांदा: हिस्ट्रीशीटर ने थाने के भीतर खाया संदिग्ध पदार्थ, पुलिस के फूले हाथ-पांव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा, अमृत विचार। हिस्ट्रीशीटर ने थाने के भीतर  संदिग्ध पदार्थ खाकर बवाल खड़ा कर दिया। पुलिस को जब इसकी जानकारी हुई तो हाथ-पैर फूल गए। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के लिये राहत की बात यह है कि वहां पर उसकी हालत में सुधार हो रहा है। थानाध्यक्ष की मानें तो हिस्ट्रीशीटर शराब के नशे में ड्रामा कर रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक भी वह नशे में था। 

तिंदवारी थाना क्षेत्र के गोधनी गांव निवासी प्रदीप (26) पुत्र रामराज द्विवेदी हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। तिंदवारी थाना समेत कोतवाली नगर में भी उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हैं। वह कोतवाली नगर के ही एक मामले में वांछित चल रहा था। शनिवार की दोपहर तिंदवारी थाने की पुलिस उसके घर पहुंची। गांव से ही उसे पकड़ कर थाने ले आई। कुछ देर युवक इधर उधर थाने में बैठा रहा।

पुलिस कर्मियों से उसने कहा कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया है। इतना सुनते ही पुलिस कर्मियों के हाथ पैर फूल गए। आनन-फानन प्रदीप को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। ड्यूटी पर तैनात डा. विनीत सचान ने उसका उपचार किया। थानाध्यक्ष नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि वह तिंदवारी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी समेत कई मामले दर्ज हैं।

इतना ही नहीं वह कोतवाली नगर के भी एक मामले में वांछित चल रहा था। उसी सिलसिले में थाने की पुलिस उसे पकड़ लाई थी। बताया कि प्रदीप नशे में ड्रामा कर रहा था। डाक्टर ने बातचीत के दौरान बताया कि प्रदीप नशे में है। जहर खाने जैसी बात नहीं लग रही। अब उसकी हालत में सुधार हो रहा है।

संबंधित समाचार