इंदिरा गांधी के विचारों को काई मार नहीं सकता, उन्होंने खुशहाल भारत बनाया: नकुल दुबे

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर सचिवालय से कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय तक बच्चों ने भारत जोड़ों यात्रा निकाली। इसके बाद कांग्रेस मुख्यालय पर एक सभा आयोजित हुई। कार्यक्रम में पार्टी के सांगठनिक प्रान्तीय अध्यक्ष नकुल दूबे ने कहा कि हमारी नेता इंदिरा गांधी के विचारों को कोई मार नहीं सकता। उन्होंने एक समृद्ध एवं खुशहाल भारत बनाया। उनके द्वारा किये गये कार्यों के लिए उनका नाम युगों-युगों तक आता रहेगा।

उप्र कांग्रेस कमेटी के महासचिव (प्रभारी-प्रशासन) दिनेश कुमार सिंह ने स्वर्गीय इंदिरा गांधी को याद करते हुए कहा कि 1977 में बिहार के बेलछी में दलितों पर हुए नरसंहार में विपक्ष में रहने के बावजूद रात को भयानक तूफान के बीच नदी के रास्ते इंदिरा गांधी हाथी पर सवार होकर वहां पहुंची और पीड़ित परिवारों से मिली तथा उन्हें न्याय दिलाया।

उप्र कांग्रेस कमेटी के संगठन सचिव अनिल यादव ने कहा कि आज के दौर में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को आइरन लेडी के रूप में पूरा विश्व याद करता है। इंदिरा के द्वारा किये गये 42वें संविधान संशोधन में समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता एवं अखण्डता की बात की गयी थी। आज भाजपा उन्हीं मूल्यों को तोड़ने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस पार्टी हमेशा इन मूल्यों को बचाने की हिमायती रही है।

संगोष्ठी के उपरान्त उप्र कांग्रेस कमेटी के महासचिव (प्रभारी प्रशासन) दिनेश कुमार सिंह एवं शहर कांग्रेस कमेटी लखनऊ दक्षिण के अध्यक्ष दिलप्रीत सिंह द्वारा स्व0 इंदिरा गांधी की याद में उप्र कांग्रेस प्रांगण में पौधारोपण किया गया। संगोष्ठी में प्रान्तीय अध्यक्ष के अलावा उप्र कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय, प्रशासन प्रभारी दिनेश कुमार सिंह, पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, सतीश अजमानी, संगठन सचिव अनिल यादव, अनुसुइया शर्मा, आदि कांग्रेसजन मौजूद थे।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज