अयोध्या : सदी के महानायक बताएंगे राम मंदिर के 500 वर्ष के संघर्ष का इतिहास
दूरदर्शन पर होगा प्रसारण, नजर आएंगी तमाम विशिष्ट हस्तियां
अमृत विचार, अयोध्या। राम मंदिर निर्माण की कवायद के बीच 500 वर्षों के संघर्ष और इतिहास से जन-जन को रू-ब-रू कराने की श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की योजना धीरे-धीरे साकार होने की ओर अग्रसर है। ट्रस्ट ने ढांचा टूटने से लेकर सुप्रीम फैसले तक लगभग 500 वर्षों के इतिहास पर एक डॉक्यूमेंट्री बनाने का निर्णय लिया था, जिसको लेकर तमाम घटनाओं व इतिहास को सहेजने की कवायद की जा रही थी। अब सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने डॉक्यूमेंट्री को अपना स्वर देने की हामी भरी है।
राम मंदिर के संघर्ष गाथा को दिखाने और बताने के लिए डॉक्यूमेंट्री के निर्माण का जिम्मा ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी को सौंपा था। ट्रस्ट काफी दिनों से मंदिर आंदोलन की एक-एक कड़ियों को सहेजने में जुटा रहा। मंदिर निर्माण के भी हर चरण की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। डॉक्यूमेंट्री के निर्माण का जिम्मा हैदराबाद तेलंगाना के विराट याज्ञिक को सौंपा गया है।
समय-समय पर हुए संघर्ष, उत्पन्न चुनौतियों तथा बलिदान से संबंधित जानकारी और क्लिपिंग की जा रही है। दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले इस वृत्तचित्र के माध्यम से आज के युवा पीढ़ी को संघर्ष और बलिदान के साथ निर्माण के हर पहलु की जानकारी उपलब्ध कराने की है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि डॉक्यूमेंट्री में तमाम विशिष्ट हस्तियां नजर आएंगी। जाने-माने अभिनेता अमिताभ बच्चन ने राम से जुड़ी इस विराट गाथा को अपना स्वर देने की इच्छा जताई है।
