यूपी में पांच लाख लोगों को मिला रोजगार, हर जिले में बनाएंगे मेडिकल कॉलेज :सीएम योगी
1354 स्टाफ नर्स को सीएम ने सौंपा नियुक्ति पत्र
लखनऊ, अमृत विचार। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अब से कुछ देर पहले राजधानी में 1354 स्टाफ नर्स को नियुक्ति पत्र सौंपे। इन स्टाफ नर्स का चयन यूपी लोकसेवा आयोग के जरिये प्रदेश के 75 जिलों के लिए किया गया है। सीएम योगी ने कहा कि अभी तक सूबे में सरकार ने पांच लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया है। और इसमें पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से अपने गयी है। उन्होंने कहा केंद्र सरकार के साथ मिलकर हम प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज बनाएंगे। स्टाफ नर्स को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए सीएम योगी ने उन्हें बधाई दी। सीएम ने कहा आप सब के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी है, रोगियों की सेवा का जो वचन आपने लिया है उसे सार्थक करने का मौका अब आपको मिल चुका है।
स्टाफ नर्स के काम की तारीफ करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कोरोना काल में जब पूरी दुनिया त्रासदी झेल रही थी तो यही वो स्टाफ नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ था जिसने अपनी जान कि परवाह न करते हुए भी लोगों की जान बचाई। सीएम ने कहा हमारी सरकार स्वास्थ्य विभाग में आने वाले समय में बड़े पैमाने पर नियुक्तियां करेगी। उन्होंने कहा अभी तक पुलिस, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग में जो भी नियुक्तियां हुई हैं वो सभी पारदर्शी तरीके से हुई हैं, इसे आगे भी जारी रखा जाएगा।
सीएम योगी ने कहा स्वस्थ्य कर्मियों का काम बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा मरीज डॉक्टर से तो कम मिलता है लेकिन स्टाफ नर्स हमेशा उसके साथ रहती हैं। ऐसे में उनका व्यवहार मरीज के प्रति अच्छा होना चाहिए। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सीएम ने कहा कि अपने काम का डाटा जरूर सही जगह अपडेट करिये, जिससे सेवाओं को बेहतर बनाने कि दिशा में काम किया जा सके। नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह भी मौजूद रहे।
