वाराणसी: पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश ढेर, एक फरार, सिपाही को भी लगी गोली
वाराणसी। यूपी के वाराणसी जिले में सोमवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ में दो बदमाशों गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक आरोपी मौका देखकर फरार हो गया। हालांकि, जब पुलिस दोनों ही बदमाशों को लेकर अस्पताल पहुंची तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं इस कार्रवाई में एक सिपाई भी घायल हो गया।
घटना के संबंध में अधिक जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर ए. सतीश गणेश ने कहा कि दरोगा अजय यादव को गोली मारकर पिस्टल लूटने वाले बदमाशों के बारे में जानकारी प्राप्त हुई थी। सूचना मिली थी की तीनों बदमाश भेलखा गांव के पास रिंग रोड से गुजर रहे हैं। कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच और बड़ागांव थाने की पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को रोकने का प्रयास किया तो बदमाश पुलिस पर फायरिंग करने लगे।
पुलिस ने बदमाशों की ओर से फायरिंग होते देख जवाबी कार्रवाई शुरू की, जिसमें दो बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए। मुठभेड़ में ढेर बदमाशों ने ही रोहनिया क्षेत्र में दरोगा को गोली मारकर उनकी सर्विस पिस्टल, कारतूस, पर्स और मोबाइल लूट लिया था। बदमाशों से पुलिस ने सरकारी पिस्टल, देसी पिस्टल, एक बाइक, मोबाइल और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
ए. सतीश गणेश (पुलिस आयुक्त, वाराणसी) ने बताया कि पिछले दिनों वाराणसी कमिश्नरेट के थाना रोहनिया के अंतर्गत कुछ बदमाशों ने एक उपनिरीक्षक को घायल करके उनकी सर्विस रिवाल्वर लूट ली थी। मामले में आज सुबह थाना बड़ागांव क्षेत्र में पुलिस ने इन बदमाशों को घेरा। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की।
जवाबी कार्रवाई में 2 बदमाश गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस के एक जवान को भी गोली लगी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दोनों बदमाशों को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया है।
