रामपुर : सपा को बड़ा झटका, आजम खां के मीडिया प्रभारी भाजपा में शामिल

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने फसाहत अली खां शानू को ग्रहण कराई भाजपा की सदस्यता

फसाहत बोले- अब दरी नहीं बिछाएगा अब्दुल, रामपुर में खिलेगा कमल

रामपुर,अमृत विचार।  विधानसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पूर्व मंत्री आजम खां के करीबी और उनके मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू भाजपा में शामिल हो गए हैं। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने उन्हें समर्थकों के साथ सदस्यता ग्रहण कराई। इस मौके पर फसाहत अली ने कहा कि अब अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि कमल खिलाएगा।

image from rampur

भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना के चुनाव कार्यालय पर हुए कार्यक्रम में तब सब चौंक गए, जब सपा नेता आजम खां के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू अपने समर्थकों के साथ पहुंच गए। मीडिया कर्मियों ने उन्हें घेर लिया। पता लगा कि अब वे भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने जा रहे हैं। कुछ देर बाद प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी पहुंच गए, जहां उन्होंने फसाहत अली खां शानू को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कराई। उनके साथ इरशाद महमूद, सनी खां, बब्बू घोसी, शाहिद खां, तारिक मियां, अमरपाल यादव, अरशद खां, फैसल खां, अली अहमद, तारिक मियां समेत सैकड़ों लोग भाजपा में शामिल हो गए।

उपचुनाव के बीच यह सपा के लिए सबसे बडा झटका है। जिसका प्रभाव रामपुर के साथ आसपास के जिलों में भी नजर आएगा। भाजपा में शामिल होने के बाद फसाहत अली खां शानू ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अगले पायदान पर आकर खड़ा हो गया है। उनकी नीतियां बहुत प्रभावशाली हैं। इसी तरह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार चल रही है। जहां गांव, गरीब, किसान, महिलाएं, व्यापारी आदि सभी खुश नजर आ रहे हैं। हम अल्पसंख्यकों से अपील करना चाहते हैं कि वे भाजपा के करीब आकर तो देखें, तब उन्हें पता लगेगा कि भाजपा उनकी दुश्मन नहीं, बल्कि हितैषी है। सरकार की ऐसी कौन सी योजना है, जिसका लाभ सिर्फ हिंदुओं को मिला हो और मुसलमान छूट गया हो। जब सरकार की योजनाओं में भेदभाव नहीं है, तो वोट में भेदभाव क्यों है। उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष से भी अपील की कि वे उन्हें अपनाएं।

प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि फसाहत अली खां शानू के भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा को इसका लाभ होगा। हम सभी लोगों का दिल से भाजपा में स्वागत करते हैं। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, पैक्सपेड के चेयरमैन सूर्यप्रकाश पाल, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर सिंह, भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना, जिला मीडिया प्रभारी राजीव मांगलिक और प्रमोद कुमार लोधी आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें :  Rampur By-Election : भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष बनने के बाद पहली बार रामपुर पहुंचे भूपेंद्र सिंह चौधरी, हुआ भव्य स्वागत

 

संबंधित समाचार