अयोध्या : मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थी के आवास की भूमि का किया पूजन
अमृत विचार, अयोध्या। विकासखंड मसौधा की ग्राम पंचायत मधुपुर में सोमवार को मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थी रामशंकर के आवास का भूमि पूजन कर मुख्य विकास अधिकारी अनिता यादव और परियोजना निदेशक आरपी सिंह संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2022 - 23 में जनपद में 557 आवास के पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत आवास दिया गया है। उन्होंने लाभार्थी के घर सामने सहजन का पौधा भी लगाया। सीडीओ ने बताया सभी लाभार्थियों के खाते में 15 नवंबर को ही प्रथम किस्त की धनराशि का डिजिटल अंतरण कर दिया गया है। जिससे सभी लाभार्थी आवास निर्माण सामग्री लाकर निर्धारित समय से आवास निर्माण का कार्य प्रारंभ कर सकें।
लाभार्थियों को एक साथ लेआउट कराने एवं निर्धारित डिजाइन के अनुसार नीव खुदवा कर कार्य प्रारंभ करने हेतु प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर सचिव एवं तकनीकी सहायक को लगाया गया है। न्याय पंचायत स्तर पर सभी विभाग के सहायक विकास अधिकारियों को पर्यवेक्षण अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी रशेष गुप्ता, संयुक्त खंड विकास अधिकारी बद्री प्रसाद वर्मा, सहायक विकास अधिकारी आईएसबी संतोष पांडेय आदि मौजूद रहे।
