लखनऊ: स्कूटी सवार युवक को बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं, पुलिस की सक्रियता के बावजूद लगातार गोली मारने की घटनाएं थम नहीं रही हैं। ताजा मामला इंदिरा नगर थाना क्षेत्र का है, जहां के पिकनिक स्पॉट रोड पर सोमवार देर रात स्कूटी सवार शाहिद को बदमाशों ने गोली मार दी। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने उसको गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत नाजुक देख ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। शाहिद को एक गोली सिर, दूसरी गर्दन और तीसरी सीने में लगी है। पुलिस ने पुरानी रंजिश में गोली मारे जाने की आशंका जताई है।
पुलिस के मुताबिक, फर्नीचर दुकानदार शाहिद (35) गाजीपुर के जुगौली में परिवार के साथ रहता है। वह दुकान के साथ एक निजी यूट्यूब चैनल के लिए रिपोर्टिंग का भी काम करता है। सोमवार देर रात किसी काम से चांदन गांव गया था। जहां से वापस लौटते समय अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। पुलिस टीम बदमाशों और घटना से जुड़े तथ्यों की खोजबीन के लिए खुर्रम नगर से लेकर चांदन गांव के बीच में लगे सभी CCTV कैमरे को खंगाल रही है।
