निकाय चुनाव : दिग्गज दे रहे जीत का मंत्र, भारी न पड़ जाए स्थानीय मुद्दे

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

हर वार्ड से जीत का रास्ता निकालने के लिए भाजपा, सपा के रणनीतिकार बुन रहे जाल

महापौर, निकायों के चेयरमैन, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष की कुर्सी के अलावा नगर निगम के वार्ड पार्षद और पंचायतों के सभासद की जीत का रास्ता निकालने में सभी लगे हैं।

मुरादाबाद,अमृत विचार। निकाय चुनाव में जीत का मंत्र देने दलों के दिग्गज पहुंच रहे हैं। मगर स्थानीय समीकरणों की अनदेखी करने की चूक जीत हार के समीकरणों पर भारी पड़ सकती है। भाजपा, सपा ने रणनीतिकार चुनावी बिसात पर चाल चल रहे हैं। यह दोनों दल कांग्रेस की राजनीतिक कमजोरी और बसपा की खामोशी का फायदा लेने में लगे हैं। 

जिले में निकाय चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद हलचल तेज है। दलों के बड़े दिग्गज जीत का मंत्र संगठन और पार्टी की साख के आधार पर दे रहे हैं, लेकिन हर निकाय में स्थानीय समीकरण भी जीत का ताज किसके सिर सजेगा उसमें अहम भूमिका निभाएंगे। इस पर खांटी और जमीन से जुड़े नेता तो नजर रखे हुए हैं, लेकिन पार्टियों के ऐसे रणनीतिकार जो मुरादाबाद मंडल की राजनीतिक तासीर नहीं समझ पाएंगे उन्हें सोचने पर मजबूर भी होना पड़ सकता है।

हालांकि महापौर, निकायों के चेयरमैन, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष की कुर्सी के अलावा नगर निगम के वार्ड पार्षद और पंचायतों के सभासद की जीत का रास्ता निकालने में सभी लगे हैं। भाजपा सपा के रणनीतिकारों ने जीत के लिए ताना बाना बुनना तेज कर दिया है। क्योंकि इन दोनों दलों ने नगर निगम और अन्य निकायों के लिए चुनाव प्रभारियों को भी नामित कर जिम्मेदारी सौंपी है। जो कई दौर की बैठक भी कर चुके हैं। सपा तो भाजपा से भी दो कदम आगे है। चुनाव प्रभारियों के सामने महापौर पद के लिए आवेदन भी लिए जा चुके हैं।

प्रांतीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में भरी थी ऊर्जा
यह स्थिति तब है जब न तो तारीखों का ऐलान हुआ है और न कार्यक्रम की घोषणा। फिर भी जीत को पक्का करने में दोनों दलों के सूरमा लग गए हैं। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद का कहना है कि प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने बैठक कर सभी को उत्साहित किया है। पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे। 

वित्त मंत्री ने भी दिए टिप्स
प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सोमवार को सर्किट हाउस में जन प्रतिनिधियों जिसमें महापौर विनोद अग्रवाल भी शामिल थे से मुलाकात में नगर निगम सहित अन्य निकायों में चुनाव को लेकर मंत्रणा की। मिल जुलकर पार्टी प्रत्याशियों को जिताने का मंत्र दिया। कहा कि जीत से कम कुछ नहीं। इस सोच को लेकर सभी जुटें।

शोर मचाने के बजाय परिणाम पर जोर
बसपा के जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश का कहना है पार्टी चुनाव की तैयारी में है। हर विधानसभा, वार्ड में छोटी बैठकों के माध्यम से बूथों की मजबूती पर सभी जुटे हैं। सबकी जिम्मेदारी तय है। बसपा शोर मचाने की बजाय परिणाम लाकर दिखाएगी। 

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद  : बिलारी की दोबारा क्षेत्राधिकारी बनीं सलोनी अग्रवाल

संबंधित समाचार