फर्रुखाबाद : दिन दहाड़े व्यापारी को मारी गोली, हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लोहिया अस्पताल में कराया गया भर्ती, रेफर

अमृत विचार, फर्रुखाबाद। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में भटासा मोड़ पर दिन दहाड़े बाइक सवार व्यापारी को पीछे से गोली मार कर हमलावर फरार हो गया। कंधे के नजदीक गोली लगने से व्यापारी गंभीर घायल हो गया। उसको सीएचसी से लोहिया अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर उसको रेफर कर दिया गया है।

कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव सैथरा निवासी आलोक कुमार गंगवार (55) परिवार समेत कसबा के लालपुर मोहल्ले में मकान बनाकर रहते हैं। उन्होंने वहीं परचून की दुकान कर रखी है। मंगलवार करीब 12 बजे वह बाइक से अकेले गांव सैथरा जा रहे थे।

भटासा मोड़ पर पीछे से बाइक सवार दो युवक आए, एक युवक ने गोली मार दी। गोली कंधे के पास लगने से वह वह घायल हो गए। बाइक अनियंत्रित होने से वह गिर गए। हमलावर बाइक से फरार हो गए। घायल ने फोन से घटना की जानकारी पत्नी स्वाती व पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हो सीएचसी भेजा। वहां पत्नी भी बच्चों के साथ पहुंच गई।

हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने आलोक को लोहिया अस्पताल भेज दिया। यहां आलोक ने बताया कि उसकी किसी से रंजिश नहीं है। पारिवारिक चचेरे भाई से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। जिस कारण वह गांव से कायमगंज के मोहल्ला लालपुर में मकान बनवा कर रहने लगा।

वह गांव खेती देखने जा रहा था। गोली मारने वाले को उसने देखा है, सामने आने पर पहचान कर सकता, लेकिन गोली मारने वाला युवक कौन है, यह नहीं जानते हैं। सीओ सोहराब आलम ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।