महाराणा प्रताप चौराहे के सौंदर्यीकरण कार्य को जल्दी पूरा करें अफसर :डीएम
बांदा, अमृत विचार। जिलाधिकारी दीपा रंजन ने महाराणा प्रताप चौराहे के सौंदर्यीकरण एवं निर्माणाधीन कार्य का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिये।
सौंदर्यीकरण के अंतर्गत बीते कुछ माह से शहर के महाराणा प्रताप चौराहे में निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन गति धीमी होने के कारण समय अधिक लग रहा है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को महाराणा प्रताप चौराहे के सौन्दर्यीकरण एवं निर्माणाधीन कार्य को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी आवश्यक कार्यों को अतिशीघ्र पूरा किया जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि चौराहे पर सड़क को चौड़ा किया जाये, क्योंकि यहां अभी जाम लगता है आगे आबादी और बढ़ेगी तो जाम की संभावना भी और बढ़ेगी। यदि सड़क चौड़ी होगी तो भविष्य में यहां के लोगों को जाम आदि का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके साथ ही प्रकाश की समुचित व्यवस्था के लिये अधिकारियों को पर्याप्त लाइट आदि का भी प्रबंध करवाने के निर्देश दिये। इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार सहित अधिकारी मौजूद रहे।
