लखनऊ में पकड़ा गया ठगों का गिरोह, टैक्स विभाग में नियुक्ति के नाम पर वसूलते थे लाखों रुपये
लखनऊ, अमृत विचार। किसी फ़िल्मी कहानी की तर्ज पर राजधानी लखनऊ में ठगों ने पैसा बनाने का एक बेहतरीन तरीका बना लिया था। लेकिन अब वो सलाखों के पीछे हैं। राजधानी में प्रत्यक्ष कर भवन में आयकर विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये वसूलने वाला गिरोह पकड़ा गया है। ये लोग नौकरी दिलाने के नाम पर 2 से 5 लाख रुपए की वसूली कर रहे थे। करीब 15 दिन से कार्यालय की कैंटीन में इंटरव्यू चल रहे थे।
इस ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति ने जब पुलिस और अधिकारियों से शिकायत की तो यह फर्जीवाड़ा पकड़ में आया। गिरोह में शामिल प्रियंका और 7 लोग पकड़े गए है। उनके पास से विभाग की मोहर-दस्तावेज मिले हैं। प्रत्यक्ष कर विभाग ने महिला और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज करा दिया है। महिला सहित 8 लोगों को पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस महिला से पूछताछ कर गिरोह में शामिल अन्य लोगों का पता कर रही है।
पुलिस के अनुसार मुख्यालय में ये गिरोह खुद को प्रशासनिक अधिकारी बताकर लोगों को कैंटीन के पास बुलाते थे। उनका इंटरव्यू लेकर नियुक्ति पत्र भी थमा देते थे। नियुक्ति पत्र के बाद वह टोकन मनी के तौर पर 3 से 5 लाख रुपए लेते थे। बताया जा रहा है कि गिरोह ने 100 से अधिक लोगों से नौकरी के नाम पर पैसे लिए गए।
मंगलवार की शाम कुछ अधिकारी कैंटीन में पहुंचे तो वहां नए चेहरे दिखे। पूछने पर पता चला कि किसी प्रियंका मैडम से मिलने आए हैं। उस दौरान कुल 9 लोग प्रियंका का इंतजार कर रहे थे। अधिकारियों को शक हुआ तो उनसे पूछताछ की। ऐसे में सभी लोग भागने लगे।
इसके बाद मेन गेट को बंद करवा दिया गया। हालांकि तब तक दो लोग भाग चुके थे। 7 लोग पकड़ में आए। उनको कैंटीन में बैठा लिया गया। उसके बाद प्रियंका आई तो राज खुला। पूछताछ में पता चला की महिला 15 दिन से लगातार मुख्यालय परिसर में युवक-युवतियों का इंटरव्यू ले रही थी।
