बरेली: घायल फौजी की मौत, ट्रेन से धक्का देने के आरोप में फंसा है टीटीई
सात दिन से सेना के अस्पताल में चल रहा था इलाज
12 नवंबर की सुबह टीटीई पर राजधानी एक्सप्रेस में चढ़ते समय फौजी को धक्का देने का आरोप लगा था। इस हादसे में ट्रेन के नीचे आने से फौजी की एक टांग पूरी तरह कट गई थी।
बरेली, अमृत विचार। 12 नवंबर की सुबह टीटीई पर राजधानी एक्सप्रेस में चढ़ते समय फौजी को धक्का देने का आरोप लगा था। इस हादसे में ट्रेन के नीचे आने से फौजी की एक टांग पूरी तरह कट गई थी। जबकि दूसरी टांग को अस्पताल में इलाज के दौरान काटना पड़ा था। सेना के सूबेदार की तहरीर पर आरोपी टीटीई के खिलाफ जानलेवा हमले के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। सात दिन से फौजी जिंदगी की जंग लड़ रहा था। बुधवार दोपहर बाद सेना के अस्पताल में इलाज के दौरान फौजी की मौत हो गई। गुरुवार को कैंट पुलिस पोस्टमार्टम कराएगी। उधर, जीआरपी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वहीं, रेलवे के अधिकारी लगातार धक्का देने की घटना से इनकार करते आ रहे हैं।
ये भी पढ़ें- फौजी के परिजन पहुंचे बरेली, होश में आने पर दर्ज होंगे बयान
12 नवंबर को को ट्रेन संख्या 20503 डिब्रूगढ़ नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस जंक्शन पहुंची तो भाग कर ट्रेन पकड़ रहे गांव भरसौता हल्दी जिला बलिया निवासी 30 वर्षीय राजपूताना राइफल्स रेजीमेंट की यूनिट 24 में तैनात फौजी सोनू सिंह को बी-6 कोच से ट्रेन के टीटीई कूपन बोरों पर ट्रेन से धक्का देने का आरोप लगा था। घटना में उनकी एक टांग पूरी तरह कट गई, जबकि दूसरी टांग गंभीर रूप से कुचलने के कारण बाद में डाक्टरों ने उसे काट दिया।
परिजनों के मुताबिक करीब 22 दिन पहले सोनू की पत्नी ने बेटे को जन्म दिया था। जिसके नामकरण संस्कार में वह यूनिट से छुट्टी लेकर गांव आए थे। किसी काम से अचानक वापस लौटना पड़ा और बरेली जंक्शन पर उनके साथ यह घटना हो गई। सात दिन से उनका इलाज सेना के अस्पताल में चल रहा था। जहां बुधवार शाम करीब 4 बजे फौजी सोनू की मौत हो गई। कैंट थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं सोनू के भाई जितेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद फौजी के शव का बलिया स्थित गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- बरेली: फौजी को ट्रेन से धक्का देने के प्रकरण में डीसीएम ने की वेंडरों से पूछताछ
