फौजी के परिजन पहुंचे बरेली, होश में आने पर दर्ज होंगे बयान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फौजी के होश में आने का इंतजार कर रहे हैं जांच अधिकारी

राजधानी एक्सप्रेस के टीटीई पर गुरुवार को ट्रेन में चढ़ रहे फौजी को धक्का देने का आरोप लगा था। इस मामले में शुक्रवार को सेना से लेकर आरपीएफ

बरेली, अमृत विचार। राजधानी एक्सप्रेस के टीटीई पर गुरुवार को ट्रेन में चढ़ रहे फौजी को धक्का देने का आरोप लगा था। इस मामले में शुक्रवार को सेना से लेकर आरपीएफ व जीआरपी के अधिकारियों ने जांच को लेकर तेजी दिखाई दी।अस्पताल में भर्ती फौजी की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका एक पैर घटना के वक्त ही कट गया था, अगर इंफेक्शन फैला तो दूसरा पैर भी काटा जा सकता है। जीआरपी के अधिकारियों का कहना है कि फौजी के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है। शुक्रवार को उसके परिजन भी बरेली पहुंच गए। 72 घंटे में उसके होश में आने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें- भ्रष्टाचारियों की खूब करें शिकायतें, बरेली में बना पुलिस थाना एंटी करप्शन

गुरुवार को ट्रेन संख्या 20503 डिब्रूगढ़ नई दिल्ली एक्सप्रेस सुबह करीब 9 बजकर 20 मिनट पर चलने लगी तो भाग कर ट्रेन पकड़ रहे गांव भरसौता हल्दी जिला बलिया निवासी 30 वर्षीय राजपूताना राइफल्स रेजीमेंट की यूनिट 24 में तैनात फौजी सोनू सिंह को बी-6 कोच से ट्रेन के टीटीई कुपन बोरों ने धक्का दे दिया। जिससे फौजी प्लेटफार्म के नीचे जा गिरा। यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका।

आरोपी टीटीई मौके से फरार हो गया, जबकि उसके साथ वाले टीटीई की पकड़कर लोगों ने पिटाई कर दी। आरोपी टीटीई के खिलाफ सूबेदार हरिंद्र कुमार सिंह की तहरीर पर जीआरपी में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया। जीआरपी निरीक्षक अजीत कुमार के मुताबिक पहले पीड़ित का बयान होगा, इसलिए उसका होश में आना जरूरी है। 72 घंटे बाद फौजी के होश में आने की संभावना है।

वहीं शुक्रवार को फौजी का परिवार भी अस्पताल पहुंच गया। आरोपी टीटीई की तलाश में भी टीमें लगा दी गई हैं। आरोपी टीटीई की तैनाती गुवाहटी में बताई जा रही है। उसके मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करने में अधिकारी लगे हुए हैं। ऐसे में एक टीम नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर मंडल भेजने की बात सामने आई है, लेकिन अधिकारियों ने इस बात से इनकार कर दिया।

सेना पुलिस ने जंक्शन पर खंगाले सीसीटीवी
शुक्रवार को सेना पुलिस द्वारा मामले की जांच की गई। सेना पुलिस के अधिकारी बरेली जंक्शन पहुंचे और जंक्शन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। कई महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज को सेना के अफसरों ने अपनी जांच में शामिल किया है। साथ ही वेंडरों आदि से भी पूछताछ की जा रही है। मुरादाबाद से पहुंची आरपीएफ की टीम ने भी स्टेशन मास्टर कार्यालय में ट्रेन के आने जाने के समय से लेकर कई रिकार्ड खंगाले।

पीड़ित फौजी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वह अभी होश में नहीं आया है। उसके होश में आने के बाद ही बयान हो सकते हैं और आगे की जांच की जाएगी। प्रारंभिक कार्रवाई की जा रही है-देवी दयाल, सीओ जीआरपी।

फौजी के ट्रेन से गिरने की हो निष्पक्ष जांच

उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन (उरमू) ने गुरुवार को फौजी को टीटीई द्वारा ट्रेन से धक्का देने के मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी है। उरमू के शाखा सचिव विवेक कुमार सक्सेना ने जीआरपी थाना प्रभारी को एक पत्र जारी कर कहा कि ट्रेन में चढ़ते समय फौजी के साथ जो घटना हुई उसके प्रति वह संवेदना व्यक्त करते हैं। लेकिन रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज से पता चलता है कि सोनू कुमार चलती ट्रेन पर दौड़कर चढ़ते समय ट्रेन के नीचे आ गए। ऐसे में स्टेशन पर भीड़ द्वारा टीटीई के साथ अभद्र व्यवहार व मारपीट करना भी बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में टीटीई को जबरदस्ती आरोपी बनाया जाना भी गलत है। लिहाजा यूनियन निष्पक्ष जांच की मांग करती है।

ये भी पढ़ें- बरेली: पाइप लाइन फटने से दुकानों में घुसा था पानी, दो लाख का हुआ नुकसान

संबंधित समाचार