बांदा :  विस्फोटक से गाय का जबड़ा छलनी, इलाज के दौरान मौत

बांदा :  विस्फोटक से गाय का जबड़ा छलनी, इलाज के दौरान मौत

अमृत विचार,बांदा। एक बार फिर अराजक तत्वों का अमानवीय चेहरा सामने आया है। किसी अराजक तत्व ने गाय के मुंह के पास विस्फोट कर दिया, कि उस गाय का जबड़ा बुरी तरह से छलनी हो गया। सूचना मिलते ही विश्व हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गये और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। बिना किसी देरी के पशु चिकित्सक को बुलाया गया, लेकिन इलाज के दौरान ही बुरी तरह से हताहत गाय ने दम तोड़ दिया।

घटना बीती रात शहर के राजकीय इंटर कॉलेज मैदान की है। किसी अराजक तत्व ने एक गाय के मुंह के इतने पास विस्फोट कर दिया कि गाय का जबड़ा छलनी हो गया। मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे विश्व हिंदू महासंघ गौ सेवा के जिलाध्यक्ष महेश प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि जब उन लोगों ने मौके पर जाकर देखा तो गाय का जबड़ा उस विस्फोटक से बुरी तरह से छलनी हो चुका था।

 गाय को गंभीर रूप से घायल देखकर फौरन पशु चिकित्सक को बुलाया गया। गाय को इलाज भी किया गया, इस दौरान गाय की मौत हो गई। गाय का पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर किया गया। इलाज करने आये डॉ.राजनारायण नामदेव ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा के माध्यम से उन्हें सूचना मिली। विस्फोटक से गाय गंभीर रूप से घायल हो गई थी। 

गाय को फौरन इलाज शुरू किया गया, लेकिन वे उसे बचा नहीं पाये। गाय के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि विस्फोटक पदार्थ खा लेने से गाय की मौत हो गई। सीओ सिटी अम्बुजा त्रिवेदी ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।