लखनऊ : साइबर ठगों ने युवती समेत चार के खाते से उड़ाए चार लाख रुपये

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, लखनऊ। शहर में नटवरलालों का ठगी का खेल लगातार जारी है। साइबर ठगों ने युवती समेत चार लोगों को झांसा देकर सभी के खातों से चार लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ितों ने तालकटोरा, गुडंबा, जानकीपुरम और विकासनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।

तालकटोरा निवासी इमरान खां ने वाशिंग मशीन ठीक कराने के लिए इंटरनेट से कॉल सेंटर का नम्बर तलाशा था। जिस पर कॉल कर बात की। बातचीत के बाद उन्हें ठगों ने रिमोट एक्सेस एप डाउनलोड कराते हुए खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए। इसी तरह जानकीपुरम निवासी राकेश कुमार रस्तोगी के खाते की डिटेल हासिल करते हुए ठगों ने दो लाख रुपये निकाल लिए।

इसी क्रम में गुडंबा शिवपुरी निवासी सोनल निगम ने रेस्टोरेंट से खाना बुक कराने के लिए कॉल की थी। आर्डर कंफर्म करने के बहाने से सोनल के मोबाइल पर रिमोट एक्सेस एप डाउनलोड कराई गई। इसके बाद ही खाते से 98 हजार रुपये निकल गए। वहीं, जानकीपुरम सेक्टर-12 निवासी सीताराम वर्मा ने मकान किराए पर देने के लिए ओएलएक्स पर पोस्ट डाली थी। उन्हें दीपक पवार नाम के व्यक्ति ने फोन कर मकान किराए पर लेने की इच्छा जताई।

पूछने पर बताया कि वह परिवार को लेकर लखनऊ में शिफ्ट होना चाहता है। इसके बाद दीपक ने सीताराम से कहा कि वह तीन महीने का एडवांस देना चाहता है। पीड़ित ने ई-वॉलट की डिटेल दीपक को बता दी। जिसके बाद आरोपी ने सीताराम के अकाउंट से 50 हजार रुपये निकाल लिए। सभी मामलों में पुलिस मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।

संबंधित समाचार