बांदा : बालू खदान पर गिरी अफसरों की गाज, ध्वस्त करवा दिया अवैध रास्ता
अमृत विचार, नरैनी/बांदा। अवैध खनन के लिए बहुचर्चित लहुरेटा बालू खदान में लाल सोने की लूट के लिये निजी पट्टा धारक भारी भरकम जेसीबी मशीन लगाकर अवैध खनन करवा रहे थे। ग्रामीणों की शिकायत पर खनिज, पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को खदान का औचक निरीक्षण कर केन नदी के रास्ते को जेसीबी मशीन से ध्वस्त करा दिया ताकि भविष्य में माफिया किसी प्रकार का खनन न कर सकें।
गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह से लहुरेटा बालू खदान के पट्टाधारक अपने गुर्गों के जरिए केन नदी में जेसीबी मशीन लगाकर बालू की अवैध निकासी कर रहे थे। ग्राम प्रधान ने उच्चाधिकारियों को इसकी शिकायत की। प्रधान की शिकायत पर लेखपाल ने मौके पर पहुंच कर जांच की तो शिकायत सही मिली।
लेखपाल ने तत्काल सूचना उच्चाधिकारियों को दी। शनिवार को खनिज अधिकारी, उप जिलाधिकारी रजत वर्मा, पुलिस क्षेत्राधिकारी नितिन कुमार और राजस्व निरीक्षक की संयुक्त टीम ने मौके का जायजा लिया। पाया कि पट्टा धारकों द्वारा अवैध रास्ता बनाकर केन नदी से अवैध बालू निकाल रहे हैं।
साथ ही एक स्थान पर बालू को जमा कर रहे थे। प्रतिदिन राजस्व को करोड़ों रुपये का चूना लग रहा था। अफसरों ने तत्काल जेसीबी मशीन से भारी-भरकम गड्ढा खुदवा कर मार्ग अवरुद्ध कर दिया। एसडीएम ने बताया कि दोषी पट्टाधारक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
