वाराणसी : शादी समारोह में डांस करते वक्त हार्ट अटैक से युवक की मौत
अमृत विचार, वाराणसी : जिले में एक शादी समारोह में कुछ ऐसा हुआ कि जिसका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तेजी से ट्रेंड हो रहा है। असल में डीजे की धुन पर डांस कर रहे एक युवक को अचानक हार्ट अटैक पड़ गया। आनन-फानन उसे नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया लेकिन इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
इस घटना के बाद से परिवार और रिश्तेदार में गमगीन माहौल बना हुआ है। हालांकि परिजनों का कहना है कि युवक को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं थी। डांस करते वक्त वह फर्श पर गिर पड़ा और दर्द से छटपटाने लगा। वहीं इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तेजी से ट्रेंड हो रहा है। मगर वायरल हो रहे वीडियो की पुष्टि अमृत विचार नहीं कर रहा है।
दरअसल, मंगलवार को वाराणसी जनपद में एक शादी समारोह के बीच डीजे पर डांस कर रहे एक युवक की मौत हो गई। इस घटना का वीडियो भी समाने आया है। वायरल हो रहे वीडियो में युवक अपने रिश्तेदारों के साथ डीजे पर डांस कर रहा है। तभी वह अचानक लड़खड़ाकर फर्श पर गिर जाता है।
बेसुध हालत में परिवार के लोग उसे अस्पताल ले जाते हैं मगर डॉक्टर उसे मृत घोषित कर देते है। मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक युवक की मौत हार्ट अटैक आने से हुई। जानकारी के मुताबिक, वाराणसी के पिपलानी कटरा औघड़नाथ तकिया के पास बीती 25 अक्टूबर को एक शादी थी। इसमें शामिल हुए 40 वर्षीय मनोज विश्वकर्मा रिश्तेदारों के साथ डांस कर रहे थे।
