लखनऊ विश्वविद्यालय: परीक्षा फॉर्म सत्यापित करने के लिए नई गाइडलाइन जारी
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय (लविवि) व सभी संबद्ध डिग्री कॉलेजों के यूजी व पीजी प्रथम वर्ष के पहले सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को परीक्षा फार्म भरने से पहले टीसी व माईग्रेशन जमा करना होगा। इसको लेकर मंगलवार को लविवि प्रशासन ने परीक्षा फार्म सत्यापित करने को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। साथ ही लविवि से सभी संबद्ध डिग्री कॉलेजों को निर्देश दिए गए हैं कि जिन छात्रों के टीसी व माइग्रेशन सर्टिफिकेट जमा हुए हों, उन छात्रों के परीक्षा फॉर्म ही सत्यापित किए जाएं अन्यथा संबंधित कॉलेज जिम्मेदार होगा।
बता दें कि लखनऊ विश्वविद्यालय की ओर से जारी शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार, विश्वविद्यालय जनवरी के तीसरे सप्ताह से सत्र 2022-23 की विषम सेमेस्टर की परीक्षा कराने की तैयारी कर रहा है। जिसके तहत शैक्षणिक सत्र 2022-23 के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए परीक्षा फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। लविवि के परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी ने बताया कि सभी संबद्ध डिग्री कॉलेजों को निर्देश दिए गए हैं कि विवि में संचालित स्नातक और परास्नातक प्रथम सेमेस्टर सत्र 2022-23 में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं के टीसी व माइग्रेशन उपलब्ध होने के बाद ही भरे गए परीक्षा फॉर्म को कॉलेज ऑनलाइन सत्यापित करें। यदि इस प्रक्रिया में कोई त्रुटि कॉलेजों के स्तर से पाई जाती है, तो उनके परीक्षा फॉर्म रोक दिए जाएंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित डिग्री कॉलेजों की होगी।
सत्र को पटरी पर लाने की जद्दोजहद
कोरोना के कारण लविवि का शैक्षिक सत्र काफी पीछे चल रहा है। वर्ष 2022 में विश्वविद्यालय करीब 10 महीने तक परीक्षा आयोजित कराता रहा है। इसके बावजूद भी अभी तक सत्र पटरी पर नहीं आ सका है। नए सत्र 2022-23 की समेस्टर परीक्षा दिसंबर से शुरू होनी थी, लेकिन सत्र लेट होने के कारण विवि ने विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं जनवरी महीने के तीसरे सप्ताह में रखी हैं। जिसके तहत प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा फार्म भरवाने का काम शुरू किया गया है।
