कूड़े अड्डों को खत्म कर बनेंगे Selfie Point, CM के निर्देश पर Kanpur Nagar Nigam कल से तीन दिन चलाएगा स्वच्छता अभियान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर नगर निगम मुख्यालय में अधिकारियों संग बैठक करते महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन।

कानपुर में बुधवार को नगर निगम मुख्यालय में महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने बैठक की। इस दौरान महापौर ने सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नगर निगम तीन दिन तक स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए है।

कानपुर, अमृत विचार। शहर में खुले स्थान पर बने कूड़े अड्डों को खत्म कर सेल्फी प्वाइंट बनेंगे। इसके साथ ही कूड़े के संवेदनशील स्थानों ‘गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स’को पूरी तरह से खत्म कर दिया जाएगा। शासन के निर्देश के बाद शहर में अफसरों ने तैयारी शुरू कर दी है। बुधवार को नगर निगम मुख्यालय में महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने अफसरों के साथ बैठक कर रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

आज से शहर में चलेगा स्वच्छता अभियान

स्वच्छ भारत मिशन की निदेशक नेहा शर्मा ने प्रदेश के सभी नगर आयुक्तों एवं अधिशासी अधिकारियों को पत्र जारी किया है। जिसमें कहा है कि स्वच्छ भारत मिशन- नगरीय भारत सरकार द्वारा आजादी @75 अमृत महोत्सव के अंतर्गत अंतिम माह के उपलक्ष्य में 'प्रतिबद्ध 75 जनपद 75 घंटे 750 निकाय' अभियान 1 दिसंबर 2022 से शुरू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 3 दिन तक मिशन मोड में स्वच्छता अभियान चलेगा।

महापौर ने स्थानों को चिह्नित करने को दिए निर्देश

शहर में कूड़ा एकत्रीकरण के दृष्टिगत संवेदनशील स्थान (गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स) को पूरी तरह से खत्म किए जाएंगे। इनको सेल्फी प्वाइंट के रूप में विकसित किया जाएगा। महापौर प्रमिला पांडेय ने बैठक के दौरान अधिकारियों को गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स को चिह्नित करने को कहा है। तय किया गया कि इस अभियान में कानपुर नगर निगम को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना है, ताकि प्रदेश में अच्छी रैंकिंग आए।

चिह्नित स्थानों का होगा सौंदर्यीकरण

नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स इस प्रकार से सौंदर्यीकरण किया जाएगा जो लोगों के काम भी आ सके। इन जगहों पर रेहड़ी पटरी वालों को जगह आवंटित की जा सके, वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेंच की व्यवस्था और पेड़ व गमला भी लगाए जाएंगे। इस स्थान को एक नजीर के रूप में विकसित किया जाएगा। ये कार्य लगातार किए जाएंगे ताकि लोग यहां समय बिता सकें।

मिशन मोड में चलेगा अभियान

महापौर ने कहा कि जो निर्देश जारी किए गए हैं, उसके तहत अभियान के सफल बनाने के लिए ट्रक, जेसीबी, मैजिक आदि संसाधनो की व्यवस्था करनी है। मिशन मोड में संचालित अभियान की रिकॉर्डिंग एवं डॉक्यूमेंटेशन भी किया जाए। इसके लिए डीएसएलआर कैमरा, ड्रोन इत्यादि की भी व्यवस्था की जाए और इसका प्रचार-प्रसार भी किया जाए।

संबंधित समाचार