बरेली: 30 नवंबर तक होना था एसएमसी का गठन, अभी तक नहीं हुआ
50 प्रतिशत महिलाओं को समिति में शामिल करना जरूरी, जनपद के कुल 2432 स्कूलों में समिति का होना है गठन
बरेली, अमृत विचार। गैर अनुदानित स्कूलों के अतिरिक्त सभी स्कूलों में विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) का गठन किए जाने के निर्देश थे, लेकिन अभी तक 80 प्रतिशत स्कूलों में नहीं हुआ। बीएसए ने नाराजगी जताते हुए इस हफ्ते के अंत तक शत- प्रतिशत स्कूलों में गठन कराने के निर्देश दिए हैं। जनपद के कुल 2432 स्कूलों में समिति का गठन किया जाना है।
ये भी पढ़ें - बरेली: शव को रुई और कवर देने के नाम पर मांगी सुविधा शुल्क, वार्ड ब्वाय बर्खास्त
23 नवंबर को शासन की ओर से पत्र जारी कर निशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत स्कूलों में प्रबंध समिति का गठन कराने को कहा गया था। इसके तहत नए विद्यालय प्रबंध समितियों के गठन 1 से 30 नवंबर तक करना था, लेकिन अभी तक किसी भी ब्लाॅक में शत -प्रतिशत स्कूलों में समिति का गठन नहीं हो सका।
एसएमसी में कुल 11 सदस्य शामिल होंगे। इन सदस्यों में बच्चों के माता पिता व अभिभावक भी सम्मिलित होंगे। इनमें से 50 प्रतिशत महिलाओं को समिति में सम्मिलित करना अनिवार्य है। अभिभावक सदस्यों में से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चयन किया जाना है। अध्यक्ष व उपाध्यक्ष में एक महिला का होना जरूरी है।
दोनों पद पर महिला काे चुना जा सकता है, लेकिन दोनों पद पर पुरुष नही होना चाहिए। 11 सदस्यों के अलावा चार अन्य का चयन भी किया जाएगा। इसमें प्रधानाध्यापक को सचिव, हल्का लेखपाल, एएनएम, विद्यालय वाले वार्ड के सदस्य को मेंबर मनोनीत किया जाएगा।
बीएसए विनय कुमार ने बताया कि एसएमसी के गठन में देरी किए जाने पर संबंधित स्कूल के प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभी तक गठन नहीं होने पर पत्र जारी कर चेताया गया है।
ये भी पढ़ें - बरेली: जीआरपी ने एमसीओ से मांगी फौजी को अस्पताल ले जाने वालों की सूची
