रामपुर उपचुनाव में 33.94 प्रतिशत मतदान, सपा ने लगाया मुस्लिमों को वोट डालने से रोकने का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Priya
On

शहर में कई स्थानों पर हुई नोकझोंक और मारपीट, पुलिस ने कई इलाके में लोगों को डंडा चलाकर खदेड़ा

रामपुर, अमृत विचार। विधानसभा उपचुनाव में देरशाम तक 33.94 प्रतिशत मतदान हुआ। इस बीच शहर में कई स्थानों पर नोकझोंक और मारपीट की छिटपुट घटनाएं भी हुईं हैं। पुलिस ने कई इलाकों में लोगों को डंडा चलाकर भी खदेड़ा। इसबीच पूर्व मंत्री आजम खां ने मुस्लिमों को बल प्रयोग करके पुलिस द्वारा वोट डालने से रोकने का आरोप लगाया है। 

जिले के 454 मतदान केंद्रों पर सोमवार को सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। शुरू से ही मतदान केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। मतदान की रफ्तार पूरे दिन बहुत धीमी रही। इसी वजह से शाम छह बजे तक महज 33.94 प्रतिशत मतदान रिकार्ड हुआ। हालांकि शाम के अंतिम दौर में मतदान की रफ्तार और सुस्त हो गई। अंदाजा लगाया जा रहा था कि मतदान प्रतिशत महज 30 से ज्यादा नहीं रहेगा।

इस बीच कई स्थानों पर सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट की घटनाएं भी हुईं। कुछ स्थानों पर सपा नेताओं से अधिकारियों की नोकझोंक भी हुई है। इस बीच सपा नेता आजम खां ने आरोप लगाया है कि मुस्लिम इलाकों को पुलिस और अद्धसैनिक बलों ने कब्जे में लेकर मुस्लिमों को वोट डालने नहीं जाने दिया। वोट डालने की जिद करने वालों के साथ मारपीट की गई।

पुलिस ने एक दिन पहले से ही दबाव बना लिया, जिससे कई लोग वोट डालने के बजाए पलायन करके चले गए। लोगों के घरों में तोड़फोड़ की गई। सपा के पक्ष में मतदान करने वालों पर लाठियां चलाकर घायल करने का भी आजम खां ने आरोप लगाया है। वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला ने दावा किया है कि उपचुनाव शांतिपूर्ण तरीके से निपट गया है। कहीं से कोई विवाद की सूचना नहीं है। ईवीएम सुरक्षित स्ट्रांग रूम तक पहुंच गई हैं।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा: फ्लाईओवर पर ट्रक ने बाइक को रौंदा, दोनों वाहनों में लगी आग

संबंधित समाचार