सेंसेक्स, निफ्टी की बाजार में सपाट शुरुआत, रुपया 19 पैसे बढ़कर 82.28 पर पहुंचा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। कच्चे तेल के दामों में कमी और चुनिंदा बैंकिग शेयरों में लिवाली का लाभ आईटी और एफएमसीजी शेयरों के घाटे में जाने से नहीं मिल सका और हिमाचल प्रदेश तथा गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले बृहस्पतिवार को दोनों प्रमुख शेयर सूचकांकों की बाजार में शुरुआत लगभग सपाट रही।

इस दौरान उतार-चढ़ाव वाले शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 28.87 अंक या 0.05 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 62,439.55 पर था।

व्यापक एनएसई निफ्टी 8.60 अंक या 0.05 फीसदी के मामूली लाभ के साथ 18,569.10 अंक पर आ गया। सेंसेक्स में इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

इसने अलावा एसबीआई, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एलएंडटी, नेस्ले, अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति और रिलायंस के शेयरों में भी तेजी रही। दूसरी ओर, कोटक बैंक, एचयूएल, टीसीएस, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, पॉवर ग्रिड, एशियन पेंट्स, सन फार्मा, डॉ. रेड्डीज तथा विप्रो के शेयरों में गिरावट हुई। 

पिछले कारोबार सत्र में बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 215.68 अंक यानी 0.34 प्रतिशत गिरकर 62,410.68 अंक पर बंद हुआ था। इसी तरह एनएसई के सूचकांक निफ्टी में भी 82.25 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की गिरावट रही और यह 18,560.50 अंक पर बंद हुआ था। शेयर बाजारों के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 1,241.87 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

xeconomy-15ed-ic-mb34zvyhlk-1583069567

रुपया 19 पैसे बढ़कर 82.28 पर पहुंचा 
कच्चे तेल के दामों में कमी आने से अन्य एशियाई मुद्राओं की तरह ही रुपया शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 19 पैसे बढ़कर 82.28 के स्तर पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी और विदेशी पूंजी की निकासी से रुपया प्रभावित हुआ, और उसकी बढ़त सीमित हुई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 82.34 पर खुला और कुछ बढ़त के साथ 82.28 पर आ गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 19 पैसे की बढ़त को दर्शाता है।

 रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले तीन पैसे मजबूत होकर 82.47 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.18 फीसदी बढ़कर 105.28 पर आ गया। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.95 फीसदी की बढ़त के साथ 77.90 डॉलर प्रति बैरल था।

यह भी पढ़ें : रेपो दर बढ़ने से बाजारों में दिखा उतार-चढ़ाव, सेंसेक्स 215 अंक गिरा

संबंधित समाचार