राजस्थान : शादी समारोह में गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा, 5 लोगों की मौत, 50 से ज्यादा घायल
जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर के भूंगरा गांव में एक घर में शादी समारोह के दौरान आग लगने से लगभग 60 लोग घायल हुए। हिमांशु गुप्ता, (जिला कलेक्टर) ने बताया कि काफी गंभीर हादसा है। 60 लोगों के घायल होने की सूचना थी। जिनमें से 42 लोगों को एमजीएच अस्पताल में रेफर किया गया। इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि सिलेंडर फटने से एक घर में लगी आग से 5 लोगों की मृत्यु भी हुई है।
जानकारी के मुताबिक जोधपुर के शेरगढ़ इलाके के भूंगरा गांव में शादी समारोह के दौरान खाने बनाते वक्त गैस का सिलेंडर फट गया। गैस सिलेंडर फटने से वहां मौजूद लोग आग की चपेट में आ गए और झुलस गए। सिलेंडर फटते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चीख-पुकार के साथ झुलसे हुए लोग बचने बचाने की कोशिश करने लगे।कुछ ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे में दूल्हा और उनके माता-पिता भी चपेट में आ गए। खबर मिलते ही प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंच गया।
जोधपुर जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता ने बताया कि शेरगढ़ के भूंगरा गांव में तगत सिंह के बेटे की आज बारात की तैयारियां चल रही थी घर में मेहमान आए हुए थे। उस दौरान हलवाई के पास लगा हुआ गैस सिलेंडर अचानक फटने से 60 मेहमान महिला, पुरुष व बच्चे आग की चपेट में आ गए। अधिक झुलस हुए 42 महिला पुरुष व बच्चों को जोधपुर के, महात्मा गांधी अस्पताल लाया गया। जहां पर तैयार खड़ी मेडिकल टीम ने उनका उपचार शुरू कर दिया है। जिला कलेक्टर ने कहा कि यह हादसा बहुत ही दुखद व दर्दनाक हैं। 8 से 10 महिला बच्चे व पुरुष 90 फीसदी तक जल चुके हैं। वहीं 30 महिला पुरुष व बच्चे 50 फीसदी से 70 फीसदी तक जल चुके हैं। 18 लोगों का शेरगढ़ तहसील के अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।
जोधपुर घटना पर राजस्थान CM अशोक गहलोत ने कहा कि कुछ बच्चे झुलसे गए हैं और मृत्यु भी हुई हैं। हमारी कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान बचाई जा सके। हादसे के कारण की जांच होनी चाहिए और कंपनी के लोगों से भी बातचीत की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें : असम के CM हिमंत विश्व शर्मा ने एक बार फिर मुस्लिमों पर दिया बड़ा बयान, जानिए कई पत्नियां रखने पर क्या बोले?
