Kanpur में पेयजल लाइन लीकेज को छिपाने के लिए कर दिया पैचवर्क, राहगीरों को हो रही दिक्कत
कानपुर में पेयजल लाइन लीकेज से राहगीरों को हो रही परेशानी।
कानपुर में पेयजल लाइन लीकेज को छिपाने के लिए पैचवर्क किया जा रहा है। माल रोड में महीनों से टूटी पेयजल लाइन अभी तक ठीक नहीं हुई है। सड़क पर पानी भरा रहने से राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
कानपुर, अमृत विचार। शहर में मानक को ताक पर डाली गई पेयजल लाइनों से फटने का सिलसिला थम नहीं रहा है। मॉल रोड पर फलमंडी चौराहे पर पिछले दिनों पाइप लाइन फटने से बड़ा गड्डा हो गया था। जलकल ने पेयजल लाइन को ठीक किया।
लेकिन मुख्य मार्ग पर पेयजल लाइन का लीकेज आज भी बरकरार है। यहां गड्ढे को भरने के लिए नगर निगम ने ऊपर से पैचवर्क जरूर कर दिया लेकिन पानी रिसकर अभी भी सड़क पर भरा हुआ है। जिससे यहां से निकलने वाले राहगीरों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को शहर में रहेंगे। उनके रूट को चमकाने के लिए नगर निगम और प्रशासन जुटा हुआ है। लेकिन वीआईपी रोड से जुड़ने वाली मॉल रोड पर पानी लबालब भरा है। पिछले कई दिनों से यहां स्थिति खराब है। बनाई गई सड़क भी खराब हो रही है।
वहीं रिसाव की वजह से पेयजल लाइन में दूषित पानी जा रहा है। इस सड़क से दिनभर में हजारों वाहन गुजरते हैं। जो पानी से होकर जा रहे हैं। यहां से गुजर रहे राहगीर आलोक शर्मा ने बताया कि महीनों से यहां यही स्थिति है। रोजाना निकलते हैं तो सोचता हूं आज सही हो जाएगा लेकिन जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
यहां भी है लीकेज
- किदवई नगर थाने वाली रोड
- सीटीआई चौराहा नहर के पास
- कृष्णा नगर कॉलोनी
- साकेत नगर वाली सड़क
- मसवानपुर अवास विकास
