हल्द्वानी: जेडे हत्याकांड : भारत की सीमा लांघ गया दीपक सिसोदिया!

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वर्ष 2011 में पत्रकार जेडे की हत्या में उम्र कैद की सजा भुगत रहा था दीपक सिसोदिया

इसी वर्ष जनवरी में 45 दिन के पैरोल पर महाराष्ट्र की अमरावती जेल से छूटा था दीपक

हल्द्वानी, अमृत विचार। मुंबई में 11 जून 2011 में मुंबई के पवई में पत्रकार ज्योतिर्मय डे की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी और इस मामले में हल्द्वानी के जीतपुर नेगी निवासी दीपक सिसोदिया को उम्र कैद की सजा मिली थी। अमरावती जेल में सजा भुगत रहा दीपक इसी वर्ष जनवरी में 45 दिन से पैरोल पर बाहर आया था और फिर फरार हो गया। 
 

पुलिसिया सूत्रों के हवाले के खबर है कि पैरोल पर रिहा होने के बाद दीपक हल्द्वानी में अपने घर भी आया, लेकिन यहां घरवालों से उसका झगड़ा हो गया। जिसके बाद वह फरार हो गया। पैरोल का वक्त गुजरने के बाद भी जब दीपक वापस महाराष्ट्र की अमरावती जेल नहीं पहुंचा तो महाराष्ट्र से पुलिस हल्द्वानी पहुंची। मुंबई पुलिस की ओर से मंगल राव चाह्वाण ने हल्द्वानी कोतवाली में केस दर्ज कराया।

हालांकि नैनीताल पुलिस ने दीपक के पैरोल पर आपत्ति जताई थी। अब खबर यह आ रही है कि दीपक भारत की सीमा पार कर नेपाल पहुंच चुका है। बता दें कि जेडे हत्याकांड में अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन का नाम सामने आया था और दीपक ने राजन के गैंग को हत्याकांड के लिए हथियार मुहैया कराया था। बहलहाल, मामले में एसएसपी पंकज भट्ट का कहना है कि दीपक की तलाश की जा रही है। 


कोलकाता की गलियों में गुम हुआ इनामिया रमन
हल्द्वानी। इसी वर्ष दो नवंबर की रात कुमाऊं ज्वैलर्स के मालिक राजीव वर्मा पर फायरिंग की गई थी। फायरिंग के वक्त राजीव अपने घर के बाहर कार में बैठे थे और बाल-बाल बच गए थे। जांच में सामने आया कि राजीव के पुराने दुश्मन मनोज अधिकारी ने अपने साथी रमन कपूर उर्फ जिम्मी व अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। मामले में कुल पांच आरोपी थे और रमन को छोड़ कर सभी आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। हालांकि इनामिया रमन अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। इधर, सूत्रों का कहना है कि रमन कलकत्ता में कहीं छिपा बैठा है।