Irfan Solanki News : सपा विधायक इरफान और रिजवान को नहीं मिली जमानत, 13 दिसंबर रखी गई सुनवाई की तारीख
Irfan Solanki News कानपुर में सपा विधायक इरफान सोलंकी को जमानत नहीं मिली है।
Irfan Solanki News कानपुर में सपा विधायक इरफान सोलंकी और रिजवान सोलंकी को जमानत नहीं मिली है। जिला जज ने सुनवाई की तारीख 13 दिसंबर रखी है। सपा विधायक और रिजवान आत्मसमर्पण के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए थे।
कानपुर, अमृत विचार। Irfan Solanki News सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी को शुक्रवार को जमानत नहीं मिली। जिला जज की कोर्ट में सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के वकील ने अपनी बात को रखा। एडीजीसी रविंद्र अवस्थी ने बताया कि जिला जज संदीप जैन ने सुनवाई की तारीख 13 दिसंबर रखी है।
जाजमऊ के डिफेंस कॉलोनी निवासी नजीर फातिमा की झोपड़ी में आग लगाने के आरोपी विधायक इरफान सोलंकी व उनके भाई रिजवान सोलंकी ने पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड के आवास पर आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बाद पुलिस के अधिकारियों ने सोलंकी ब्रदर्स से पुलिस लाइन में कई घंटों की पूछताछ करने के बाद दोनों को एसीएमएम तीन एमपीएमएलए कोर्ट में पेश किया था।
जहां न्यायाधीश आलोक यादव ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। इस मामले में बचाव पक्ष के वकील नरेश चंद्र त्रिपाठी की ओर से जिला जज कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की। कई बिंदुओं को कोर्ट के सामने रखा गया है। कोर्ट में पुलिस ने केस डायरी प्रस्तुत की।
इसके बाद अभियोजन वकील ने दलील दी कि जिस प्लाट पर झोपडी थी। उस प्लाट का केस केडीए के विरूद्ध कोर्ट में चल रहा है। जिला जज ने इस संबंध में केडीए वकील और संबंधित आख्या प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। इस मामले में अब विधायक की जमानत सुनवाई 13 दिसंबर दिन मंगलवार को रखी जाएगी। बता दें कि गुरुवार को पुलिस ने नूरी शौकत के मौसा इशरत अली को भी गिरफ्तार कर जाली आधार कार्ड बरामद कर लिया था।
न्यायालय में वैज्ञानिक साक्ष्य प्रस्तुत करेंगे जेसीपी
संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि विवेचना के क्रम में जितनी भी गिरफ्तारियां की जानी चाहिए थीं, वो की गई हैं, सारे वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। वह न्यायालय के समक्ष सारे वैज्ञानिक साक्ष्य और दस्तावेज प्रस्तुत करेंगे।
अब तक ये पहुंच चुके जेल
इरफान को फरारी कटवाने और जाली आधार कार्ड बनवाने के मामले में ग्वालटोली थाने में 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इसमें इरफान सोलंकी, रिजवान सोलंकी के साथ ही सपा नेत्री नूरी शौकत, अशरफ अली उर्फ शेखू नूरी, इशरत अली, अम्मार इलाही उर्फ अली, अनवर मंसूरी, अख्तर मंसूरी और अली को आरोपी बनाया गया था। जिसमें आठ लोगों को पुलिस जेल भेज चुकी है। बाकी अन्य की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
