बरेली: चार जिलों में मात्र 24 हजार पंजीकृत हैं व्यापारी- एडीशनल कमिश्नर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एडीशनल कमिश्नर ग्रेड वन विष्णु दत्त शुक्ला ने कहा है कि जोन में मात्र 24 हजार व्यापारी ही विभाग में पंजीकृत हैं। व्यापारियों का रजिस्ट्रेशन नहीं होने और बड़ा कारोबार करने से ही शासन में शिकायतें होती हैं और फिर उसकी जांच की जाती है। इसलिए परेशानी से बचने के लिए ज्यादा से ज्यादा व्यापारी अपना रजिस्ट्रेशन करा लें और सरकार द्वारा व्यापारियों को दी जा रही सुविधाओं का लाभ लें। 

ये भी पढ़ें- बरेली: 15 दिसंबर को होंगे पीएचडी के इंटरव्यू, वेबसाइट पर दिशा-निर्देश हुए जारी

उन्होंने बताया कि बरेली जोन में सबसे कम व्यापारी पंजीकृत हैं। यह संख्या दर्शाती है कि बरेली में पंजीकृत व्यापारियों की संख्या कम है। मंडल मुख्यालय में कई वस्तुओं के थोक का व्यापार होता है। जिलों और तहसीलों के व्यापारी भी बरेली आकर माल ले जाते हैं, लेकिन दोनों स्थानों के व्यापारी पंजीकरण नहीं करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारी अपना रजिस्ट्रेशन करा लें फिर उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है।

व्यापारी कहते हैं कि शिकायत की जांच कार्यालय में बुलाकर करें। इस पर विष्णु दत्त ने बताया कि शिकायतों की जांच मौके पर ही जाकर की जाती है। कमरे में बैठकर जांच निपटने लगे तो सच्चाई कैसे सामने आएगी। मौके पर जांच होती है। रिकार्ड देखे जाते हैं। उसके बाद पूरी जांच कार्यालय में ही की जाती है। यह भी कहा कि शासन यदि निर्देश जारी करेगा कि मौके पर जांच नहीं होगी तो टीम कार्यालय में ही रहेगी। 

एडीशनल कमिश्नर ग्रेड वन ने बताया कि शासन में हुई शिकायतों की जांच ही की जा रही है। उन्होंने व्यापारियों से कहा कि वे खुद तय कर लें जब बिना रजिस्ट्रेशन शहर में ही तमाम दुकानदार बड़ा कारोबार कर रहे हैं तो उनकी शिकायत उन्हीं के ट्रेड, उन्हीं के साझीदार, पड़ोसी व विरोधी क्यों नहीं करेंगे, जो शिकायतें प्राप्त होती हैं उनमें सटीक जानकारी रहती है। इससे टीम को मौके पर जाने पर जांच करने में ज्यादा असुविधा नहीं होती। 

उन्होंने माना कि कई शिकायतें गलत भी होती हैं। उन पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता है। व्यापारी किरायेनामे की फोटो कॉपी लगाकर भी अपने प्रतिष्ठान का रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। पांच दिनों 100 शिकायतें आईं। 38 स्थानों पर जांच में कमियां पाई गईं। स्टाक नोट किया गया।

ये भी पढ़ें- बरेली: जेपीएम में मानवाधिकार दिवस पर छात्रों ने निकाली रैली

 

संबंधित समाचार