बहराइच: निशानगाड़ा रेंज के रमपुरवा गांव में बने लेपर्डस डेन होम स्टे का हुआ उद्घाटन, ऐसे कर सकेंगे बुकिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार,बिछिया(बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्य विहार का सैर सपाटा करने पहुचने वाले पर्यटकों के लिए अब थारु बहुल रमपुरवा गांव में एक और होम स्टे बनकर तैयार हो गया है। इसका शुभारंभ रविवार को दुधवा नेशनल पार्क के फील्ड डायरेक्टर संजय पाठक ने फीता काटकर किया। इस होमस्टे की बुकिंग वन निगम की वेबसाइट पर क्लिक करके भी किया जा सकता है। अब पर्यटक यहां भी रात्रि विश्राम कर कतर्नियाघाट के जंगल की सुंदरता को निहार सकते हैं। 

कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के कतर्नियाघाट व निशानगाड़ा रेंज अंतर्गत आबादी में पर्यटकों के लिए अब आधा दर्जन के करीब अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होम स्टे/रेस्ट हाउस उपलब्ध हैं। इस वर्ष के पर्यटन सत्र से कई होमस्टे और रेस्ट हाउस का संचालन शुरू हो चुका है। जबकि कई होम स्टे का निर्माण कार्य अभी भी चल रहा है। दूर दराज व आसपास के क्षेत्रों से आने वाले पर्यटक अब कतर्नियाघाट में बने थारू हटों के साथ जंगल से सटे आबादी में बने होम स्टे का भी आनंद ले सकेंगे।

 लंबे इंतजार के बाद कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज के आबादी में एक और होम स्टे बनकर तैयार हो चुका है। होम स्टे थाना सुजौली क्षेत्र के ग्राम सभा रमपुरवा के नावतोड़ (बलिया पुरम) गांव में जंगल के समीप स्थित है। इस होम स्टे का निर्माण कतर्नियाघाट में रेंजर, एसडीओ व डीएफओ रह चुके आनंद कुमार ने करवाया है। रविवार को हवन पूजन के साथ होम स्टे का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि रहे फील्ड डायरेक्टर संजय कुमार पाठक ने फीता काटकर होम स्टे का उद्घाटन किया। 

Image Amrit Vichar(13)

आनंद कुमार ने बताया कि होम स्टे के संचालन व उसके देखरेख का कार्य उनकी पत्नी कुमुद श्रीवास्तव कर रही हैं। पर्यटकों के लिए हर बेहतर सुविधाएं इस होम स्टे में मौजूद हैं। इसके साथ ही आने वाले समय में पर्यटकों के जरुरतों के मुताबिक अन्य कई अन्य सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा। उद्घाटन समारोह में रेंजर निशानगाड़ा तारा शंकर यादव, रेंजर कतर्नियाघाट वीके मिश्रा, डिप्टी रेंजर राधेश्याम, रामअसीश पाल, ग्राम प्रधान रमपुरवा विनोद कुमार, अजीज़ अहमद, दर्रे हसन, कबिरुल हसन, रामभजन चौबे, हरिकेश चौबे, मुजफ्फर सलमानी आदि मौजूद रहे।

यह है सुविधा, ऐसे होगी बुकिंग
लेपर्डस डेन होम स्टे में पर्यटकों के लिए 3 कमरें व एक थारू हट के साथ साथ कैंटीन व लॉन मौजूद है। पर्यटकों के लिए होम स्टे परिसर में एक तालाब भी है जिसमें पर्यटकों के लिए मछली के शिकार की व्यवस्था भी की गई है। वहीं कमरों का किराया 3 हजार रुपए रखा गया है। जिसमें पर्यटकों को नाश्ता भी दिया जाएगा। जबकि खाने का चार्ज पर्यटकों को अलग से देना होगा। पर्यटक इसकी बुकिंग वन निगम की वेबसाइट के साथ ही फोन नंबर पर संपर्क कर के कर सकते हैं। 

 ऐसे पंहुचे होम स्टे
रमपुरवा के नावतोड़ ( बलिया पुरम ) गांव में बने लेपर्डस डेन होम स्टे पहुचने के लिए पर्यटकों के लिए दो सीधे रास्ते हैं एक रास्ता निशानगाड़ा रेस्ट हाउस से है जिसकी दूरी करीब 2 किलोमीटर है। वहीं दूसरा रास्ता गिरिजापुरी पेट्रोलपंप चौराहे से है जहां से कारीकोट चौराहा व मेला मैदान और मटेही होते हुए पर्यटक रमपुरवा के होम स्टे तक पहुच सकते हैं जिसकी दूरी 7 किलोमीटर के करीब है।

संबंधित समाचार