अयोध्या: विश्व मानवाधिकार दिवस पर अवध विवि में हुई संगोष्ठी, बोले प्रो. राय- हर जिले में हो मानवाधिकार कोर्ट की स्थापना
अमृत विचार, अयोध्या। विश्व मानवाधिकार दिवस पर डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के विधि विभाग में संगोष्ठी आयोजित की गई। जिसमें मानवाधिकार के बारे में छात्रों को विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही कई लोगों ने विचार व्यक्त किए।
विधि संकायाध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार राय ने बताया कि मानव अधिकार वे मूलभूत अधिकार होते हैं जिसके बिना एक अस्तित्व पूर्ण जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि कम से कम जिले स्तर पर मानवाधिकार कोर्ट की स्थापना होनी चाहिए जिसमें केवल मानवाधिकार के मामलों की सुनवाई हो।
प्रो. राय ने कहा कि भारत भी विश्व मानवाधिकार की घोषणा के समय इसका संस्थापक सदस्य था। अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुसार भारत को भी अपने संविधान में इन अधिकारों को सम्मिलित करना था किंतु वर्तमान सरकारों के अरुचि व संसाधनों की कमी के कारण उन सभी अधिकारों को लागू नहीं किया जा सका।
विधि विभाग के एसोसिएट प्रो. डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि एक व्यक्ति का अधिकार दूसरे का कर्तव्य होता है, इसलिए अधिकारों पर मांग के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी सम्यक रूप से निर्वहन करना चाहिए।
इस अवसर पर असिस्टेंट प्रोफेसर शशि कुमार ने भी विचार रखे। इस अवसर पर डॉ. विवेक सिंह, वंदना गुप्ता, विभाग के छात्र आकाश पाठक, ललिता, ऋचा पाठक, मोईन, संदीप दुबे व अकरम सहित कई छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:-भाजपा ने 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में JDU के खिलाफ साजिश की: CM नीतीश कुमार
