Unnao Accident : तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से मां-बेटी की मौत, Kanpur-Lucknow Highway पर हुआ हादसा
Unnao Accident उन्नाव में डंपर की टक्कर से मां-बेटी की मौत।
Unnao Accident कानपुर लखनऊ नेशनल हाईवे पर उन्नाव के आजाद मार्ग चौराहे के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से मां-बेटी की मौत हो गई। जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने चालक को डंपर समेत पकड़ लिया है।
उन्नाव, अमृत विचार। Unnao Accident लखनऊ-कानपुर हाईवे पर अचलगंज थानाक्षेत्र के आजाद मार्ग चौराहे पर तेज रफ्तार डंपर ने देवी दर्शन कर आ रहे बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। हादसे में उनके साथ रही बच्ची की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि घायल दंपति को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
यहां महिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया जबकि युवक को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। डंपर को चालक समेत पकड़ लिया गया है।
गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के दलेलपुरवा निवासी छविनाथ (45) पुत्र स्वर्गीय गंगानारायण पेशे से सिलाई कारीगर है। रविवार वह पत्नी गीता (36) व बेटी रानी (10) के साथ बाइक से चंद्रिका देवी दर्शन कर लौट रहा था। दोपहर तकरीबन चार बजे जैसे ही उसकी बाइक अचलगंज थाना क्षेत्र के आजाद मार्ग चौराहे पर पहुंची पीछे से आए डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में बेटी की डंपर के पहिए तले आने से मौके पर ही मौत हो गयी जबकि गीता व छविनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन फानन दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां इमरजेंसी में मौजूद डॉ. आशीष सक्सेना ने गीता को मृत घोषित कर दिया। घायल छविनाथ को प्राथमिक उपचार के बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल लेकर चले गए।
छविनाथ के भाई राज नारायण ने बताया कि छविनाथ 6 भाईयों में सबसे छोटा है। पांच बच्चे थे जिनमें रानी की मौत के बाद शबनम (17), सोनम (15), सोनी (12) व बेटा प्रिंस (10) बचे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। एसओ हीरा सिंह ने बताया कि हादसे को अंजाम देने वाले डंपर को चालक समेत पकड़ लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
