Kanpur Police ने चार बांग्लादेशियों को किया गिरफ्तार, विधायक इरफान सोलंकी ने आरोपी को दी थी शरण
कानपुर पुलिस ने चार बांग्लादेशियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कानपुर पुलिस ने चार बांग्लादेशियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी फर्जी दस्तावेजों की मदद से शहर में रह रहा था। विधायक इरफान सोलंकी और पार्षद मन्नू रहमान आरोपी को शरण दे रहे थे।
कानपुर, अमृत विचार। जाजमऊ के आगजनी कांड में सरेंडर करने वाले सपा विधायक इरफान सोलंकी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। मूलगंज पुलिस ने भारतीय बनकर छिपे चार बांग्लादेशियों को गिरफ्तार कर लिया है। विधायक इरफान सोलंकी और पार्षद मन्नू रहमान आरोपी को शरण दे रहे थे।
पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता कर संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि डॉ.रिजवान बांग्लादेश का रहने वाला है। वर्तमान में वह आर्यनगर स्थित किराए के फ्लैट में रह रहा है। आरोपी रिजवान ने शहर के रहने वाले खालिद की बेटी हिना से शादी की थी। इसके बाद से ही वह शहर में बस गया था। विधायक इरफान सोलंकी और पार्षद मन्नू रहमान ने आरोपी रिजवान को अपने लेटर पैड पर लिखकर दिया था कि डॉ. रिजवान भारतीय हैं।
आरोपी रिजवान ने फर्जी आधार कार्ड और जाली दस्तावेजों की मदद से पासपोर्ट भी बनवा लिया था। आरोपी रिजवान की मदद करने वाली उसकी पत्नी हिना, ससुर खालिद और बेटी रुखसार को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा है। पुलिस अब इस मामले में विधायक और पार्षद को आरोपी बना सकती है।
यह हुआ बरामद
आरोपी रिजवान के पास से करीब 20 से 25 लाख रुपए के सोने के जेवरात, सोने के बिस्किट समेत अन्य माल बरामद हुआ है। इसके साथ ही 14.56 लाख रुपए कैश, 1 हजार डॉलर और बांग्लादेश के चारों का पासपोर्ट बरामद हुआ है। आरोपी रिजवान ने भारत और बांग्लादेश दोनों जगह से अपना और पूरे परिवार का पासपोर्ट बनवा रखा था।
