बरेली: सर्दी के मिजाज के साथ आगे बढ़ रही सरकारी कंबल खरीद प्रकिया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिस तरह से दिसंबर में सर्दी का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है, उसी तरह से प्रशासन की कंबल खरीद की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। जिला प्रशासन को कंबल खरीदने को 30 लाख रुपये मिले 20 दिन से ज्यादा हो गए लेकिन अभी तक कंबल खरीदने की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं। जिला आपदा प्रकोष्ठ ने जेम पोर्टल पर कंबल खरीदने के लिए निविदा डाली। इस निविदा में 22 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इसमें से 10 कंपनियों ने अपने कागजात जमा किए। इनमें से एक कंपनी का चयन होना है।

ये भी पढ़ें- बरेली: कर्मचारियों ने ही चोरी कर बेच दिया कीमती सामान

जिला आपदा प्रकोष्ठ ने कंपनियों में से एक का चयन करने के लिए करीब 2500 कागजातों का प्रिंट निकाला है। कंपनी चयन की प्रक्रिया एनआईसी प्रभारी कमल शर्मा की देखरेख में होगी। उनके जरिए कंपनी चयन के बाद आपदा प्रकोष्ठ के अधिकारी वित्तीय बिड खोलने की प्रक्रिया शुरू करेंगे। इसकी प्रक्रिया के बाद जिस कंपनी का चयन किया गया है, उससे कंबल का रेट लेकर आगे की प्रक्रिया बढ़ाई जाएगी।

जिस तरह से कंपनी चयन, वित्तीय बिड खोलने समेत अन्य प्रक्रियाएं पूरी करने में समय लगेगा, उससे यही माना जा रहा है कि कंबल खरीदने की प्रक्रिया में अभी 10 दिन और लग जाएंगे। दो दिन छुट्टी होने की वजह से कंपनी चयन नहीं हुआ है। सोमवार को एनआईसी खुलेगी। तब आपदा प्रकोष्ठ के वरिष्ठ सहायक अनुराग मिश्रा कंपनियों का चिट्ठी एनआईसी प्रभारी के समक्ष रखेंगे। ये कंबल जिले के उन गरीबों को बांटे जाने हैं जिनके पास सर्दी में तन ढकने को गर्म कपड़े तक नहीं हैं।

ये भी पढ़ें- बरेली: शासन के निर्देशों की धज्जियां उड़ाने पर यूटा ने खोला मोर्चा

 

संबंधित समाचार