संभल : गन्ना मूल्य निर्धारित न होने पर भड़के किसान, सौंपा ज्ञापन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किसानों ने डीसीओ को ज्ञापन के साथ सौंपा गन्ना, 450 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य निर्धारित करने की मांग 

चन्दौसी (संभल), अमृत विचार। गन्ना मूल्य निर्धारित नहीं होने के विरोध में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (असली) कार्यकर्ताओं ने मंडी समिति में धरना प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस किसानों को बस में भरकर जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय ले आई। यहां भाकियू नेताओं ने जिला गन्ना अधिकारी को ज्ञापन के साथ गन्ना सौंपा। 

भाकियू (असली) ने पहले मंडी में धरना प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन व गन्ना सौंपने की घोषणा की थी। बुधवार को भाकियू कार्यकर्ता व किसान हाथों में गन्ने लेकर मंडी पहुंचे। भाकियू युवा के प्रदेश अध्यक्ष रिषभ चौधरी ने किसानों की मांगें प्रशासन को बताईं और नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान तहसीलदार मोनालिसा जौहरी, सीओ दीपक तिवारी, जिला गन्ना अधिकारी राजेश्वर यादव समेत तीन थानों की पुलिस मौजूद रही।

पुलिस भाकियू कार्यक्ताओं से धरना स्थल पर ही जिला गन्ना अधिकारी को ज्ञापन सौंपने की बात कर रही थी, जबकि भाकियू नेता जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पर ज्ञापन व गन्ना सौंपने की जिद पर अड़ गए। काफी देर तक बहस होती रही। बाद में तय हुआ कि सभी को बस से डीसीओ कार्यालय ले जाया जाएगा। भाकियू कार्यकर्ता व पदाधिकारी किसानों के साथ बस में भरकर डीसीओ कार्यालय पहुंचे। यहां गन्ना आयुक्त लखनऊ को संबोधित ज्ञापन जिला गन्ना अधिकारी को सौंपा। किसानों ने कहा, गन्ना विभाग की कार्यप्रणाली का डिजिटलीकरण कर दिया गया है और कंट्रोल लखनऊ से किया जा रहा है। 

किसान गन्ना समितियों अथवा जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पर जाकर अपनी छोटी-छोटी समस्या का निस्तारण नहीं करा पा रहे हैं। किसानों के सारे कार्य लखनऊ से होने हैं तो गन्ना समितियों को क्यों संचालित कर रखा है। कहा, पेराई सत्र को शुरू हुए एक माह से अधिक हो गया है। लेकिन गन्ना मूल्य निर्धारित नहीं किया गया। किसान को 14 दिन में गन्ना मूल्य भुगतान का प्रावधान है।

18 दिसंबर तक किसान के गन्ने का दाम स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के आधार पर 450 रुपये प्रति क्विंटल नहीं हुआ तो भाकियू असली के कार्यकर्ता प्रदेश की सभी गन्ना समितियों पर 19 से तालाबंदी करेंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह यादव, नईम अख्तर, मोहम्मद सुलेमान, मोहम्मद जीशान, चौधरी जीशान, चौधरी संजीव गांधी, रमेश त्यागी, सचिन यादव, चौधरी अर्जुन सिंह आदि समेत काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें :  संभल: ई-कचरा और अन्य सामान के साथ दो गिरफ्तार, एक फरार

संबंधित समाचार