बहराइच: नेशनल स्पोर्टस मीट में शामिल होंगे जिले के 17 थारू छात्र-छात्राएं 

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

विधायक महसी व पयागपुर ने हरी झण्डी दिखाकर दल को किया रवाना

अमृत विचार, बहराइच। जनजाति कार्य मंत्रालय भारत सरकार की ओर से राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति के तत्वावधान में आचार्य नागार्जुन विश्व विद्यालय गुन्टूर, विजय बाड़ा, आन्ध्रप्रदेश में 17  से 22 दिसम्बर तक  नेशनल स्पोर्ट मीट 2022-23 का आयोजन होगा। नेशनल स्पोर्ट्स मीट में प्रतिभाग करने के लिए एकलव्य माडल आवासीय विद्यालय बोझिया में अध्ययनरत 17 सदस्यीय छात्र-छात्राओं का दल बुधवार को आंध्रप्रदेश के लिए बस से रवाना हुआ। छात्रों के दल (बस) को विधायक महसी सुरेश्वर सिंह व पयागपुर के सुभाष त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखायी।

जनजाति विकास निगम के परियोजना अधिकारी ने बताया कि आंध्र प्रदेश में आयोजित नेशनल स्पोर्ट मीट 2022-23 में सम्पूर्ण भारत के अलग-अलग प्रान्तों में संचालित माडल आवासीय विद्यालयों में अघ्ययनरत जनजाति के छात्र/छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। परियोजना अधिकारी ने बताया कि नेशनल मीट में जनपद बहराइच के बोझिया से 17 तथा खीरी के सौनहा में संचालित विद्यालय के 63 छात्र-छात्राओं समेत कुल 80 बच्चों द्वारा उत्तर प्रदेश का नेतृत्व किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लखनऊ तक बच्चे बस के माध्यम से जाएंगे। उसके बाद की यात्रा ट्रेन से होगी। 

मण्डलीय बैठक में शामिल होने के कारण मौके पर मौजूद न रहने के बावजूद डीएम डॉ. दिनेश चन्द्र ने मोबाइल फोन से बच्चों को गुडलक कहते हुए सीख दी कि हार व जीत को पीछे रखते हुए गुड स्पोर्टस मैन स्प्रिट के साथ प्रतियोगिता में शामिल होकर जिले का नाम रोशन करें। कलेक्ट्रेट परिसर से दल को रवाना करने से पूर्व जन मौजूद जनप्रतिनिधियों अधिकारियों ने बच्चों का परिचय प्राप्त कर उनकी हौसला अफज़ाई करते हुए नेशनल मीट के लिए शुभकामनाएं दी। 

इस अवसर पर एडीएम मनोज कुमार, सीआरओ अवधेश कुमार मिश्र, क्षेत्र पंचायत प्रमुख हुजूरपुर अजीत प्रताप सिंह, तेजवापुर के रमाकर पाण्डेय, विधायक महसी के प्रतिनिधि अखण्ड प्रताप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर, परियोजना अधिकारी जनजाति विकास निगम यूके सिंह व एकलव्य माडल आवासीय विद्यालय बोझिया के शिक्षक व शिक्षिकाएं मौजूद रहे। परियोजना अधिकारी ने विधायक व मौजूद अधिकारियों को थारू जनजाति द्वारा तैयार हस्तशिल्प योगा मैट भी भेंट किया गया।

ये भी पढ़ें - हरदोई: जाम लगाए व्यापारियों पर पुलिस ने फटकारी लाठियां

संबंधित समाचार