अयोध्या: अब केंद्रीय कार्यशाला में नगर निगम के वाहनों की होगी मरम्मत, महापौर ने किया शिलान्यास
अमृत विचार, अयोध्या। नगर निगम अयोध्या के पास अब अपनी कार्यशाला होगी। निगम की अपनी खुद की एक केंद्रीय कार्यशाला स्थापित की जा रही है जिसका शिलान्यास गुरुवार को महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने किया। अब निगम के वाहनों की मरम्मत हो या गाड़ी पंचर, सभी वाहनों की मरम्मत आदि का कार्य इसी केंद्रीय कार्यशाला में होगा। नगर निगम की यह कार्यशाला लगभग 3500 स्क्वायर मीटर में स्थापित की जा रही है। यह कार्यशाला देवकाली बाईपास चौराहे के निकट तारा जी रिसॉर्ट के पास स्थित है।
महापौर ने बताया कि नगर निगम के जो वाहन अभी तक खराब होते थे या पंचर आदि की समस्या होती थी उसे बाहर से ठीक कराना पड़ता था लेकिन अब निगम की अपनी कार्यशाला होने से वाहनों की तकनीकी खराबी और अन्य कार्य यहीं कराए जा सकेंगे। नगर आयुक्त विशाल सिंह ने बताया कि कार्यशाला में 7 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इनमे गाड़ी मिस्त्री, निगम के किसी वाहन में यदि इंजन की समस्या आती है तो भी इसी केंद्रीय कार्यशाला में ठीक कराया जा सकेगा।
नगर निगम के सहायक अभियंता आरपी यादव के मुताबिक अभी इस कार्यशाला की बाउंड्री वॉल बनवाई गई है। भविष्य में यहां और निर्माण कार्य कराया जाएगा। अभी कार्यशाला के लिए कोई बजट नहीं है लेकिन आगे समय-समय पर सारे कार्य होते रहेंगे। इस कार्यशाला में नगर निगम के कूड़ा उठाने वाले वाहन, अधिकारियों की गाड़ियों एवं निगम के अन्य वाहनों का कार्य किया जाएगा।
यह भी पढ़ें;-बाराबंकी: ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत
