मेरठ: किसान मसीहा की जयंती पर होगा समारोह का आयोजन, भारत रत्न दिए जाने की उठाई जायेगी मांग
मेरठ, अमृत विचार। मेरठ के पल्लवपुरम स्थित लाल किला रेस्टोरेंट में बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय जाट महासभा भारत के पदाधिकारियों ने पत्रकार वार्ता की। पत्रकार वार्ता में किसान मसीहा की जयंती पर समारोह आयोजित करने व 26 जनवरी को भारत रत्न दिए जाने की बात रखी गई।
समारोह में दूसरे राज्यों से भी पहुंचेंगे लोग
पत्रकार वार्ता में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सरोहा ने बताया कि 23 दिसंबर को किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह की 120वीं जयंती पर समारोह आयोजित किया जायेेगा। यह समारोह रोहटा रोड गगन विहार में आयोजित किया जायेगा। इस समारोह में संगठन के हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, दिल्ली और उत्तराखंड के पदाधिकारी समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लोग भी शामिल होंगे।
उठाई जायेगी भारत रत्न दिए जाने की मांग
सचिन सरोहा ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री व किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह ने सदैव किसान, मजदूर व गरीबों के लिए कार्य किए है। उन्होंने जीवनभर समाज सेवा की है। ऐसे में उन्हें भारत रत्न मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान किसान मसीहा को भारत रत्न दिए जाने की मांग उठाई जायेगी। साथ ही भारत रत्न 26 जनवरी तक दिए जाने का निर्णय लिया जायेगा। पत्रकार वार्ता में संजीव शेखर, हिमांशु बालियान, दिनेश कुमार, संजय पनवाड़ी, दर्पण सिवाच, महकार सिंह आदि मौजूद रहेे।
