मुरादाबाद : सरकारी आवास में मृत मिला रेल कर्मी, परिजनों में मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक रेल कर्मी का शव पुलिस ने उसके सरकारी आवास से बरामद किया। मृत युवक रेलवे में ट्रेक मैन के पद पर कार्यरत था। मझोला पुलिस रेल कर्मी की रहस्यमयी मौत के कारणों की तहकीकात में जुटी है।

मझोला थाना प्रभारी धनंजय सिंह के मुताबिक थाना क्षेत्र स्थित रामतलैया में रेलवे के क्वार्टर हैं। क्वार्टर संख्या ई-29 एम में ट्रैक मैन मुनेश कुमार सपरिवार निवास करता था। कुछ दिनों पहले मुनेश की पत्नी ज्योति बच्चों संग मायके अमरोहा चली गई। मुनेश फिलहाल सरकारी आवास में अकेले था। शुक्रवार को सुबह मुनेश की पत्नी ने पति के मोबाइल फोन पर काल किया। बार -बार काल के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। तब ज्योति ने पड़ोसियों से संपर्क किया। पड़ोसी मुनेश का हाल जानने उसके आवास पर पहुंचे। आवाज लगाने के बाद भी मुनेश ने कोई जवाब नहीं दिया।

अनहोनी की आशंका में पड़ोसियों ने पुलिस से संपर्क किया। रामतलैया चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर पुलिस मुनेश के आवास में दाखिल हुई। मुनेश बिस्तर पर मृत मिला। मुनेश के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला। मुनेश की मौत होने की जानकारी परिजनों को दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस भेजा। पुलिस की नजर फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर गड़ी है। मुनेश की अकाल मौत से परिजन बदहवास हैं। पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रेम प्रसंग में युवक ने खाया जहर, गंभीर
मझोला थाना क्षेत्र में युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया। उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। जहां हालत गंभीर बनी हुई है। अमरोहा निवासी 21 वर्षीय फैजान नाई की दुकान चलाता है। परिजनों ने बताया कि मझोला थाना क्षेत्र निवासी युवती से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा है। बुधवार को वह मझोला थाना क्षेत्र में चक्कर की मिलक निवासी अपनी नानी के घर आया था। गुरुवार को उसकी नानी और मां युवती के घर उसका रिश्ता लेकर गए। जहां युवती के परिजनों ने शादी करने से इनकार कर दिया। जिससे आहत फैजान ने शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने बताया कि फैजान की हालत गंभीर बनी हुई है।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद: एसएसपी साहब! मैं केस नहीं लड़ सकती, तलाक दिला दें...

 

संबंधित समाचार