बरेली: 300 बेड अस्पताल में ओपीडी 700 पार, अव्यवस्थाओं का अंबार
कुतुबखाना पुल निर्माण के चलते जिला अस्पताल के कई विभागों को 300 बेड अस्पताल में किया जा चुका है शिफ्ट
बरेली, अमृत विचार। कुतुबखाना पुल निर्माण के चलते जिला अस्पताल के कई विभागों की ओपीडी 300 बेड अस्पताल में शिफ्ट कर दी गई है। वर्तमान में यहां आंख, दंत, नाक, कान व गला, त्वचा समेत तीन फिजिशियन ओपीडी में मरीजों को परामर्श व इलाज दे रहे हैं। इन विभागों की ओपीडी का संचालन शुरू हुए करीब एक माह का समय बीत चुका है। ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। शुक्रवार को यहां ओपीडी में करीब 700 मरीज पहुंचे, लेकिन रोगियों को अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा।
यहां मरीजों को पर्चा बनवाने के लिए दो काउंटर बनाए गए हैं, लेकिन एक ही काउंटर पर कर्मचारी तैनात किया गया है। पुरुष, महिलाएं और बुजुर्गों को एक ही लाइन में लगना पड़ रहा है। ऐसे में बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को परेशानी हो रही है, जबकि एक काउंटर सुबह से लेकर शाम तक खाली रहता है।
ब्लड की जांचों के लिए जिला अस्पताल जाओ
यहां मरीजों की जांच के लिए पैथोलॉजी लैब तो स्थापित है लेकिन डॉक्टर अगर मरीजों को परामर्श के बाद खून की जांच लिख रहे हैं तो कई जांचों की सुविधा यहां न होने से मरीजों को मजबूरन जिला अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
मानव संसाधन की कमी के चलते एक पर्चा काउंटर शुरू किया गया है। जल्द ही दोनों काउंटर शुरू कराए जाएंगे। वहीं, लैब में जांचों के उपयोग होने वाले रिजेंट की कमी हो गई है, जिनको मंगाने के लिए पत्र भेज दिया गया है---डा. अकीक, प्रभारी चिकित्साधिकारी, 300 बेड अस्पताल
यह भी पढ़ें- BAREILLY : घुड़सवारी चैंपियनशिप प्रतियोगिता में बरेली अव्वल, आरक्षी एमपी हिमांशु कुमार को मिला गोल्ड मेडल
