बरेली: महापौर बनने को सात डॉक्टर लाइन में, नाम चयन में अभी इंतजार
भाजपा में महापौर पद के लिए 32 आवेदन पहुंचे, स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक टली
बरेली, अमृत विचार। राजनीति में बरेली शहर के डाक्टरों का प्रदेश स्तर पर भी कद बढ़ा है। 7 दिसंबर को बरेली कॉलेज के फुटबाल मैदान में हुए कार्यक्रम में स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि विधानसभा में बरेली से सर्वाधिक डाक्टर चुनकर पहुंचे। यहां के डाक्टर आमजन के स्वास्थ्य के साथ उनके उत्थान की सोच भी रखते हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली: सहायक आयुक्त को विजिलेंस ने भेजा जेल, रिश्वत लेत पकड़ा गया था आरोपी
इसलिए बरेली स्मार्ट सिटी बनकर निरंतर विकास के रथ पर दौड़ रही है। मुख्यमंत्री के शब्दों के मायने निकालें तो इस बार महापौर पद के लिए भी शहर के सात डाक्टर किस्मत आजमा रहे हैं। उन्होंने आवेदन कर अपनी मजबूत दावेदारी की है। कोई डाक्टर राष्ट्रीय स्वयं सेवक के बेहद नजदीक है तो कोई मंत्रियों के सहारे प्रदेश नेतृत्व के करीब पहुंचने की कोशिश में है।
विभिन्न रोगों में विशेषज्ञ डाक्टर महापौर बनने को अभी से उत्सुक नजर आ रहे हैं, लेकिन इन डाक्टरों में से स्क्रीनिंग कमेटी की सूची में किसका नाम प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचेगा, इसको लेकर कयासबाजी शुरू हो गई है। हालांकि, इसके लिए अभी और इंतजार करने की जरूरत है। शनिवार को प्रस्तावित महापौर पद की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक टल गई है।
हाईकोर्ट में आरक्षण को लेकर विचाराधीन जनहित याचिका की सुनवाई के निर्णय आने तक भाजपा स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक नहीं करेगी। नगर निगम के चुनाव संयोजक एवं महानगर महामंत्री अधीर सक्सेना के अनुसार प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर बैठक निरस्त हुई है। चुनाव प्रभारी लक्ष्मी नारायण चौधरी और सह चुनाव प्रभारी सलिल विश्नोई के बरेली आने का कार्यक्रम भी निरस्त हो गया है। बैठक हाईकोर्ट से निर्णय आने के बाद होने की बात कही है।
इन्होंने किया महापौर पद के लिए आवेदन
भाजपा के महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा, वर्तमान महापौर डा. उमेश गौतम, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गुलशन आनंद, चेयरमैन सिद्धि विनायक अनुपम कपूर, निदेशक खुशलोक हॉस्पिटल डा. विनोद पागरानी, प्रदेश सह चिकित्सा प्रभारी डा. प्रमेंद्र माहेश्वरी, पूर्व आईएमए अध्यक्ष डा. विमल भारद्वाज, पूर्व विधायक बहोरन लाल मौर्य, पूर्व महानगर अध्यक्ष पुष्पेंदु शर्मा, क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य रवि प्रकाश रस्तोगी,
वरिष्ठ नेता मनोज थपलियाल, प्रदेश कार्य समिति सदस्य डा. अनिल शर्मा, महानगर मंत्री शीतल गुलाटी, पूर्व महामंत्री व उपाध्यक्ष महेश सिंघल, अधिवक्ता शैल उपाध्याय, निवर्तमान प्राचार्य शशि बाला राठी, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा प्रो. निवेदिता श्रीवास्तव, पूर्व उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा एमएल मौर्य, निवर्तमान विधानसभा प्रभारी पवन कुमार अरोड़ा, होम्योपैथिक चिकित्सक डा. विकास वर्मा,
पूर्व महामंत्री हिंदू जागरण मंच चंद्रपाल गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा गुरुप्रीत सिंह, प्रदेश कार्य समिति सदस्य राम बाबू वर्मा, पूर्व पुलिस उपाधीक्षक जगदीश सिंह पाटनी, समाजसेवी ज्योत्सना भारती, निदेशक ऑफ नेशनल रिसर्च डेवलेपमेंट डा. दीप्ति भारद्वाज, चार्टर्ड इंजीनियर नवनीत अग्रवाल, प्रदेश कार्य समिति सदस्य डीनू वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष डा मनोज कुमार गुप्ता, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अच्छन सिंह अंसारी, अधिवक्ता पूरन लाल प्रजापति और डा. आशीष गुप्ता।
महानगर प्रभारी ने 80 वार्डों में चुनावी बैठक करने की रूपरेखा बनाई
भाजपा कार्यालय में महानगर टीम के साथ निकाय चुनाव की बैठक करते महानगर प्रभारी पंकज गुप्ता, महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा व चुनाव संयोजक अधीर सक्सेना भी मौजूद रहे।
महापौर और पार्षद पदों पर प्रत्याशी अभी तय नहीं हैं लेकिन भाजपा ने निकाय चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को महानगर प्रभारी पंकज गुप्ता बरेली पहुंचे और उन्होंने भाजपा कार्यालय में महानगर टीम के साथ बैठक की। महानगर प्रभारी ने मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारियों के साथ चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की और चार दिनों में सभी 80 वार्डों में बैठक करने का एजेंडा तैयार करने के दिशा निर्देश दिए। बैठक में महानगर अध्यक्ष डा. कुल मोहन अरोड़ा, चुनाव संयोजक अधीर सक्सेना, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- बरेली: अलीगंज क्षेत्र में 10 घरों में पकड़ी गई बिजली चोरी, रिपोर्ट दर्ज
